ओडिशा में दहीबड़ा खाने से कोहराम, बच्चों समेत 58 लोग अस्पताल पहुंचे
स्वाद पड़ा सेहत पर भारी, 27 बच्चे भी हुए फूड पॉइजनिंग के शिकार स्वास्थ्य मंत्री ने खुद संभाला मोर्चा, जांच के लिए बनी 3 टीमें चिलचिलाती गर्मी में बाहर का खाना बन सकता है जानलेवा

Odisha health news: ओडिशा के जाजपुर जिले से एक बेहद परेशान करने वाली खबर आई है, जहां गर्मी के मौसम में चाट-पकौड़े का स्वाद लोगों की सेहत पर भारी पड़ गया। एक गांव में दहीबड़ा खाने के बाद देखते ही देखते दर्जनों लोगों की हालत बिगड़ने लगी और गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बीमारों को अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
एक चाट ने पूरे गांव को किया बीमार
मामला जाजपुर के पातापुर गांव का है, जहां शुक्रवार को एक स्थानीय दुकानदार से दहीबड़ा खाना लोगों को महंगा पड़ गया। इसे खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को तेज बुखार और उल्टियां शुरू हो गईं। बीमार होने वाले 58 लोगों में 27 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत यह रही कि समय पर इलाज मिलने से अब तक 21 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
Odisha health news: मामले की गहराई से जांच में जुटी सरकार
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग खुद अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में दहीबड़ा ही इस फूड पॉइजनिंग की मुख्य वजह लग रहा है। सरकार ने मामले की तह तक जाने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है और मौके से खाने और पानी के सैंपल लेकर लैब भेज दिए गए हैं ताकि असल वजह का पता चल सके।
Odisha health news: एक बुजुर्ग की मौत से गहराया सस्पेंस
इस घटना के बीच एक दुखद खबर भी सामने आई है। स्थानीय सांसद रबींद्र नारायण बेहरा के मुताबिक, गांव की एक 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। हालांकि, वह अस्पताल नहीं पहुंची थीं, इसलिए अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उनकी जान इसी जहरीले खाने से गई है या वजह कुछ और थी। सांसद ने भरोसा दिलाया है कि बाकी सभी मरीज अब खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है।
बढ़ती गर्मी में बाहर के खाने से बचें
Odisha health news: जाजपुर की इस घटना ने हम सभी के लिए एक बड़ी चेतावनी दी है। चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के बीच बाहर बिकने वाली खाने-पीने की चीजें बहुत जल्दी खराब हो जाती हैं। ऐसे में सेहत को लेकर थोड़ी सी लापरवाही आपको अस्पताल के बिस्तर तक पहुंचा सकती है। कोशिश करें कि इस मौसम में घर का बना ताजा खाना ही खाएं और बाहर की खुली चीजों से परहेज करें।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में सामाजिक बदलाव की बड़ी बयार: अब सिरसा के फैसलों में ट्रांसजेंडर समुदाय भी होगा साझीदार



