पुरी में IPL सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा: 4 लोग गिरफ्तार, लाखों की नगदी और बैंक अकाउंट्स पर पुलिस का शिकंजा
ओडिशा के पुरी में आईपीएल के नाम पर चल रहे एक बड़े सट्टेबाजी नेटवर्क को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। इन आरोपियों पर आईटी एक्ट और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

Ipl 2026: ओडिशा के पुरी में आईपीएल के नाम पर चल रहे एक बड़े सट्टेबाजी नेटवर्क को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। शहर में चोरी-छिपे चल रहे इस खेल की खबर पुलिस को पहले ही मिल चुकी थी, जिसके बाद साइबर सेल और स्पेशल टीम ने मिलकर घेराबंदी की और चार आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े गए लोगों के पास से भारी मात्रा में नगदी मिली है और उनके खातों में जमा लाखों रुपयों पर भी रोक लगा दी गई है।
मंदिर के पास चल रहा था सट्टे का बाजार
पुलिस को खबर मिली थी कि मसानीचंडी मंदिर के पास कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगा रहे हैं। जैसे ही पुलिस की टीम ने छापेमारी की, वहां हड़कंप मच गया। मौके से भागने की कोशिश कर रहे चार आरोपियों—प्रसन्न प्रुस्टी, बी नागेश्वर राव, बिश्वनाथ लेंका और रमाकांत साहू को पुलिस ने पकड़ लिया। ये सभी स्थानीय निवासी हैं और काफी समय से इस अवैध काम में शामिल थे।
Ipl 2026: मोबाइल ऐप और लाखों का कैश बरामद
जांच में यह बात सामने आई है कि ये आरोपी किसी खास ऑनलाइन एप्लीकेशन का इस्तेमाल कर लोगों से सट्टा लगवाते थे। पुलिस ने इनके पास से 6 महंगे मोबाइल और करीब 3 लाख रुपये बरामद किए। जब पुलिस मुख्य आरोपी प्रसन्न प्रुस्टी के घर तलाशी लेने पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। घर के अंदर से 22 लाख रुपये से ज्यादा की नगदी मिली, जिसे सट्टे की कमाई बताया जा रहा है।
Ipl 2026: करोड़ों के लेनदेन की जांच शुरू
इस गिरोह का जाल काफी गहरा फैला हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों की जांच की तो पता चला कि उनमें करीब 31 लाख रुपये जमा थे, जिन्हें तुरंत फ्रीज कर दिया गया है। ये लोग पिछले दो साल से पुरी में अपना नेटवर्क चला रहे थे। एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि करीब 10 ऐसे बैंक खातों की पहचान हुई है जिनका इस्तेमाल पैसों के लेनदेन के लिए किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस फरार साथियों की तलाश कर रही है।
कानूनी शिकंजे में सट्टेबाज
Ipl 2026: इन आरोपियों पर आईटी एक्ट और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आईपीएल के सीजन में जिस तरह से ऑनलाइन सट्टेबाजी का चलन बढ़ा है, उसे देखते हुए पुलिस अब और भी अलर्ट हो गई है। प्रशासन का साफ कहना है कि आसान पैसे के चक्कर में युवाओं को बर्बाद करने वाले ऐसे किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें: यूपी महिला आयोग का बड़ा एक्शन, अब जिम से लेकर बुटीक तक बदल जाएंगे नियम



