लंदन में उल्टी दिशा में एस्केलेटर चढ़ीं महिला पर मुकदमा!
लंदन में महिला पर एस्केलेटर उल्टी दिशा में चढ़ने का आरोप अजीब नियम के तहत लग सकता है 1 लाख रुपये तक जुर्माना अदालत में बोली, नियम की जानकारी ही नहीं थी

क्या आपने कभी मस्ती-मज़ाक में एस्केलेटर की उल्टी दिशा में कदम रखा है? भारत में तो अक्सर ऐसा हो जाता है और कोई ख़ास रोक-टोक भी नहीं होती। लेकिन लंदन में ऐसा करना सीधे कोर्ट-कचहरी तक ले जाता है। ऐसा ही हुआ है मिशेला कोपलैंड नाम की एक महिला के साथ, जिन पर अब बाकायदा मुकदमा चल रहा है। मामला नॉर्थ ग्रीनविच अंडरग्राउंड स्टेशन का है। आरोप है कि मिशेला ने एस्केलेटर का इस्तेमाल उसकी निर्धारित दिशा के उलट कर लिया। वहीं, ब्रिटेन के रेलवे नियमों के मुताबिक, ऐसा करना एक कानूनी अपराध माना जाता है। इस ‘अजीबोगरीब’ नियम के तहत दोषी पाए जाने पर £1,000 यानी लगभग 1 लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है।
कोर्ट में क्या बोली महिला?
ब्रॉमली मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश हुई कोपलैंड ने खुद को निर्दोष बताया। उनका कहना है कि उन्हें इस नियम के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। दिलचस्प बात यह है कि कोर्ट पहुंचने के दौरान उन्हें बैसाखी के सहारे चलते देखा गया, जिससे मामला और सुर्खियों में आ गया। शिकायत में यह कहा गया कि महिला ने एस्केलेटर पर निर्धारित दिशा में खड़े होने या उसी दिशा में चलने के नियम का उल्लंघन किया। इस घटना के बाद लंदन के कई लोग यह जानकर हैरान हैं कि एस्केलेटर पर उल्टा चलना भी एक अपराध है।
लंदन के रेलवे के और भी ‘अजीब’ कानून
केवल एस्केलेटर ही नहीं, लंदन के रेलवे सिस्टम में कुछ और भी सख्त नियम हैं। जैसे, स्टेशन में प्रवेश के लिए निकास द्वार का इस्तेमाल नहीं कर सकते। किसी ऑटोमैटिक दरवाज़े को जबरदस्ती बंद होने से रोकना मना है, सिवाय इमरजेंसी के। ये सारे नियम यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन पर व्यवस्थित आवाजाही बनाए रखने के लिए बनाए गए हैं। कोपलैंड का मुकदमा अब अगले साल अप्रैल में चलेगा, जो करीब तीन घंटे तक चलने की उम्मीद है। तब तक इस अनोखे मामले को लेकर सोशल मीडिया और लंदन की लोकल पब्लिक में अच्छी-खासी चर्चा हो रही है।



