राजस्थान CID ने भारतीय सेना की गोपनीय जानकारी लीक करने वाले युवक को पकड़ा

भारत की सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करने का बड़ा खुलासा CID खुफिया ने श्रीगंगानगर से युवक को किया गिरफ्तार सोशल मीडिया के जरिए ISI से जुड़कर कर रहा था जासूसी काम

राजस्थान अपराध अन्वेषण विभाग (CID) खुफिया की जयपुर इकाई ने भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील और सामरिक जानकारी पाकिस्तान भेजने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के फिरोजपुर निवासी प्रकाश सिंह उर्फ बादल को श्रीगंगानगर जिले से पकड़ा गया।

 

सोशल मीडिया के ज़रिये ISI से जुड़ा नेटवर्क

महानिरीक्षक (खुफिया) प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि CID लंबे समय से पाकिस्तानी एजेंसियों की गतिविधियों पर नज़र रख रही थी। इसी दौरान पता चला कि बादल सोशल मीडिया के माध्यम से ISI से संपर्क में था और राजस्थान, पंजाब व गुजरात क्षेत्रों से सेना से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं इकट्ठा कर पाकिस्तान भेजता था।

 

‘ऑपरेशन सिंदूर’ से ही ISI के संपर्क में

27 नवंबर को बादल को साधुवाली सैन्य क्षेत्र (श्रीगंगानगर) के पास संदिग्ध गतिविधियों के दौरान देखा गया। तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया गया। मोबाइल की जांच में विदेशी और पाकिस्तानी नंबरों से लगातार चैटिंग के सबूत मिले। पूछताछ में उसने माना कि वह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय से ही ISI से जुड़ा हुआ था और सेना के वाहन, कैंट एरिया, सीमावर्ती इलाकों, पुलों, रेलवे लाइन और नए निर्माण जैसे संवेदनशील इनपुट पाकिस्तान भेजता था।

 

OTP बेचकर कर रहा था दूसरी ग़ैरकानूनी गतिविधि

अधिकारियों के अनुसार बादल सिर्फ जासूसी ही नहीं कर रहा था, बल्कि वह भारतीय नागरिकों के नाम पर जारी मोबाइल नंबरों के OTP भी पाकिस्तानी एजेंटों को भेजता था। इन OTP की मदद से पाकिस्तानी एजेंट भारतीय व्हाट्सऐप नंबर सक्रिय कर जासूसी और अन्य अवैध काम करते थे। इस काम के बदले बादल को नियमित भुगतान भी मिलता था।

 

जयपुर लाकर की गई गहन पूछताछ

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जयपुर के केंद्रीय पूछताछ केंद्र लाया गया। यहां कई खुफिया एजेंसियों ने उससे पूछताछ की और मोबाइल डेटा के तकनीकी विश्लेषण में जासूसी से जुड़े सारे सबूत मिल गए। 34 वर्षीय प्रकाश सिंह के खिलाफ Official Secrets Act, 1923 के तहत केस दर्ज कर सोमवार को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Articles

Back to top button