मिसिसिपी में खौफनाक नरसंहार, 7 साल की बच्ची समेत 6 लोगों की हत्या, आरोपी ने कोर्ट में खुद को बताया निर्दोष

मिसिसिपी में दिल दहला देने वाली हिंसा, 7 साल की बच्ची समेत 6 की हत्या आरोपी डैरिका मूर ने कोर्ट में खुद को बताया निर्दोष, जमानत नामुमकिन एक ही रात में तीन जगहों पर हमले, मकसद अब तक साफ नहीं

Crime: अमेरिका के मिसिसिपी राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित क्ले काउंटी के एक ग्रामीण इलाके से दिल दहला देने वाली हिंसक वारदात सामने आई है। यहां 24 वर्षीय डैरिका एम. मूर पर 6 लोगों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। मृतकों में एक 7 साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने आरोपी मूर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां उसने खुद को सभी आरोपों से निर्दोष बताया।

 

मूर पर लगे हैं 11 गंभीर आरोप

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्ले काउंटी की अदालत में सुनवाई के दौरान डैरिका मूर ने कुल 11 गंभीर मामलों में दोषी होने से इनकार किया। इन आरोपों में हत्या, बच्चे की हत्या का प्रयास, यौन उत्पीड़न का प्रयास, सेंधमारी और वाहन चोरी जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। चूंकि उस पर कैपिटल मर्डर का आरोप लगाया गया है, इसलिए मिसिसिपी कानून के तहत उसे जमानत नहीं मिल सकती।

 

मानसिक जांच के आदेश

अदालत में पेशी के दौरान न्यायाधीश ने मूर की मानसिक स्थिति को लेकर चिंता जताई और उसका मानसिक मूल्यांकन कराने के आदेश दिए। फिलहाल मूर की ओर से कोई वकील अदालत में पेश नहीं हुआ है। वहीं, जिला अटॉर्नी स्कॉट कोलम ने भी इस मामले में तत्काल कोई बयान देने से इनकार किया है।

 

तीन जगहों पर किया सिलसिलेवार हमला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मूर ने एक ही रात में तीन अलग-अलग स्थानों पर हमले किए। इन हमलों में उसके अपने परिवार के सदस्य भी शिकार बने। सबसे पहले उसने अपने परिवार के मोबाइल होम में अपने पिता (67 वर्षीय ग्लेन मूर), भाई (33 वर्षीय क्विंटन मूर) और चाचा (55 वर्षीय विली एड गुइन्स) की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने भाई का ट्रक चुराकर कुछ मील दूर एक रिश्तेदार के घर पहुंचा, जहां उसने जबरन घुसकर यौन उत्पीड़न का प्रयास किया और 7 साल की बच्ची मिकिलिया गुइन्स को सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मूर एक छोटे से चर्च (एपोस्टोलिक चर्च ऑफ द लॉर्ड जीसस) पहुंचा, जहां उसने चर्च के पादरी बैरी ब्रैडली और उनके भाई सैमुअल ब्रैडली की हत्या कर दी और उनकी गाड़ी लेकर फरार हो गया।

 

 

हमले का मकसद अब भी रहस्य

क्ले काउंटी के शेरिफ एडी स्कॉट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शुरुआती जांच और गवाहों के बयान से साफ है कि इस पूरी वारदात को अकेले डैरिका मूर ने ही अंजाम दिया। घटना में किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने स्थानीय, राज्य और संघीय एजेंसियों की मदद से एक चेकपॉइंट पर मूर को गिरफ्तार किया। फिलहाल अधिकारी इस जघन्य वारदात के पीछे की वजहों की गहन जांच कर रहे हैं। यह घटना मिसिसिपी में हाल के वर्षों की सबसे भयावह हिंसक घटनाओं में से एक मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button