मध्य प्रदेश के सीहोर में बच्चों के साथ शर्मनाक घटना
सीहोर के सेंट एंजेलास स्कूल में बच्चों के कपड़े उतरवाने का मामला वायरल। प्राचार्य और शिक्षक पर बच्चों को प्रताड़ित करने के आरोप। जिला प्रशासन ने लगाया 1 लाख रुपये का जुर्माना, पुलिस जांच में जुटी।

Sehore: सीहोर के जताखेड़ा गांव के सेंट एंजेलास स्कूल में होमवर्क नहीं करने पर बच्चों के कपड़े उतरवाने और उन्हें अर्धनग्न करके प्रताड़ित करने का मामला सामने आया। इस घटना का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्कूल और प्राचार्य पर आरोप
विरोध कर रहे लोगों ने स्कूल की प्रिंसिपल समरीन खान और शिक्षक शिबू खान पर बच्चों को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि बच्चों को हाथ में कलावा और तिलक लगाने से भी मना किया जाता था। हाल ही में बच्चों के कपड़े उतारकर उन्हें सभी क्लास में घुमाया गया और मुर्गा बनाया गया।
प्रशासन ने की कार्रवाई
घटना की शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने मौके पर जाकर जांच की। जांच में बच्चों के कपड़े उतरवाने की घटना सही पाई गई। इसके बाद स्कूल पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और पुलिस को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस करेगी जांच
विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, जिसके कारण थाना मंडी पुलिस को बुलाकर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा। पुलिस अब पूरे मामले की जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



