बेंगलुरु एयरपोर्ट पर बम की अफवाह से हड़कंप, इंडिगो फ्लाइट खाली कराई गई
वॉशरूम में टिशू पेपर पर मिला धमकी भरा नोट सुरक्षा एजेंसियों ने फ्लाइट की ली पूरी तलाशी जांच में कुछ नहीं मिला, अफवाह निकली झूठी

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार शाम एक फ्लाइट में बम की अफवाह फैलने से अचानक हड़कंप मच गया। दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में यह सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और यात्रियों को एहतियातन फ्लाइट से उतार लिया गया।
वॉशरूम में मिला धमकी भरा नोट
शाम करीब 7 बजे फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी में थी, तभी एक यात्री को वॉशरूम में टिशू पेपर पर लिखा एक संदिग्ध नोट मिला। नोट में दावा किया गया था कि फ्लाइट में विस्फोटक रखा गया है। यात्री ने तुरंत केबिन क्रू को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पूरे विमान में अफरा-तफरी मच गई।
तुरंत खाली कराई गई फ्लाइट
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से फ्लाइट से बाहर निकाला गया और विमान की जांच शुरू की गई।
जांच में कुछ नहीं मिला
सुरक्षा एजेंसियों ने फ्लाइट की पूरी तरह तलाशी ली, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। जांच के बाद इसे महज अफवाह माना गया। थोड़ी देरी के बाद फ्लाइट को फिर से रवाना कर दिया गया।
जांच जारी
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी भरा नोट किसने लिखा और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी।



