प्रयागराज में अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद पर FIR
अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद पर FIR दर्ज, सोशल मीडिया पर भड़काऊ रील वायरल करने का आरोप। पुलिस जांच में जुटी, दबंग अंदाज में दिख रहे वीडियो की तहकीकात जारी। प्रयागराज में फिर से मचा हलचल।

पुलिस ने माफिया डॉन अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। धूमनगंज थाने में अबान के खिलाफ पहली FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर भड़काऊ रील डालकर दहशत फैलाने की कोशिश की। FIR में कहा गया है कि अबान, उसका साथी हमजा और कुछ अज्ञात लोग BNS की धारा 353 के तहत शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच इस बात की भी कर रही है कि अबान बिना सुरक्षा कर्मियों के साथ कैसे घूम रहा था।
दबंग अंदाज में वायरल हुई रील
दो दिन पहले अबान एक शादी समारोह में शामिल था। वहीं कुछ लोगों ने धमकी भरे डायलॉग के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में अबान दबंग अंदाज में नजर आ रहा है। बैकग्राउंड में धमकी भरे डायलॉग चल रहे हैं। वीडियो में अबान लोगों के साथ डिनर करते और गाड़ियों के काफिले में दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि यह वीडियो कब का है और किसने इसे अपलोड किया।
पुरानी छवि को फिर से जीवित करने की कोशिश?
वीडियो में इस्तेमाल किए गए डायलॉग से अंदाजा लगाया जा रहा है कि अतीक अहमद के परिवार की पुरानी छवि को फिर से जीवित करने की कोशिश की जा रही है। डायलॉग कुछ इस तरह के हैं: “सामने वाले को हमसे क्या मिलेगा, ये उसकी औकात बताएगी। हम दिल भी रखते हैं और असलहा भी। हम कुत्तों की तरह पीछे से वार नहीं करते, सामने से फाड़ते हैं। तूफान और हम जब भी आते हैं, मां कसम फाड़ के जाते हैं।” पुलिस जांच कर रही है कि आखिर इस वीडियो का मकसद क्या था।
अबान अहमद: अतीक का सबसे छोटा बेटा
अबान अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा है। उनके भाईयों में सबसे बड़ा उमर और दूसरा अली जेल में हैं। तीसरे नंबर का असद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। असद ने उमेश पाल हत्याकांड में भाग लिया था। अबान पर यह पहली FIR है, जिसमें भड़काऊ रील वायरल करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।



