कानपुर में चलती लग्जरी बस में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप

दिल्ली से बनारस जा रही लग्जरी बस में अचानक लगी आग यात्रियों ने चलती बस से कूदकर बचाई जान ओवरलोडिंग और शॉर्ट सर्किट पर उठे बड़े सवाल

Kanpur bus fire: कानपुर के रामादेवी चौराहे के पास नेशनल हाईवे-19 पर शनिवार तड़के उस वक्त खौफनाक हालात बन गए जब दिल्ली से बनारस जा रही पलक ट्रैवल्स की लग्जरी डबल-डेकर स्लीपर बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। बस में उस समय 30-40 यात्री सो रहे थे या आराम कर रहे थे। ऊपरी डेक पर रखे सामान से धुआं उठता देख ड्राइवर और कंडक्टर ने शोर मचाया और बस रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।

 

घबराकर चलती बस से कूदे यात्री, कई लोग सड़क पर लुढ़के

सबसे पहले आग बस की छत पर लदे भारी-भरकम सामान में लगी, जिससे यात्रियों को कुछ सेकंड का समय मिल गया। कई लोग खिड़कियों और दरवाजों से चलती बस से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। कुछ यात्री सड़क पर लुढ़कते हुए दूर तक गिरते गए, लेकिन सुरक्षित निकल आए। जो लोग ऊपर की बर्थ पर फंसे हुए थे, वे चीखते हुए मदद का इंतजार करते रहे।

 

 

पुलिसकर्मियों ने जलती बस में घुसकर बचाईं कई जिंदगियां

रामादेवी चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने जैसे ही आग से घिरी बस को देखा, बिना देर किए मौके पर दौड़ पड़े। पुलिस ने जलती बस के अंदर घुसकर करीब आधा दर्जन यात्रियों को गोद में उठाकर सुरक्षित जगह पहुंचाया। आसपास के लोग भी पानी की बोतलें फेंककर आग को रोकने की कोशिश करते दिखे।

 

 

ड्राइवर-कंडक्टर पर यात्रियों का फूटा गुस्सा

यात्रियों का दावा है कि बस की छत पर जरूरत से कई गुना ज्यादा सामान लदा था, प्लास्टिक के बोरे, लोहे के बॉक्स और भारी कैरी बैग। एक यात्री बोला, “मैं रात 2 बजे से बोल रहा था कि इतना सामान मत लादो, आग लग गई तो कौन जिम्मेदार होगा? किसी ने बात नहीं सुनी।” कई यात्रियों के नकद पैसे, कपड़े, दस्तावेज और कीमती सामान जलकर राख हो गए। एक महिला, जो मिर्जापुर शादी में जा रही थी, रोते हुए बोली कि उसका लैपटॉप, गहने, कपड़े और लड्डू गोपाल की मूर्ति तक सब जल गए।

 

आखिर बस में आग लगी कैसे?

घटना के बाद CFO दीपक शर्मा ने 6 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं, लेकिन नेशनल हाईवे पर जाम होने से फायर ब्रिगेड को पहुंचने में काफी देर लगी। करीब 1 घंटे बाद आग नियंत्रित हुई, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट कारण मानकर चल रहे हैं, लेकिन ओवरलोडिंग और खतरनाक सामान ने आग को बेहद तेज़ी से फैलाया।

 

RTO–GST की लापरवाही पर उठे सवाल

कानपुर में कई ट्रैवल एजेंसियों पर ओवरलोडिंग, GST चोरी और गैर-कानूनी तरीके से माल ढुलाई के आरोप लंबे समय से लगते रहे हैं। इसके बावजूद RTO, GST और पुलिस विभाग लगातार कार्रवाई में लापरवाही बरतते रहे। लोगों का कहना है कि जब तक ऐसे हादसे नहीं होते, तब तक अधिकारी कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाते।

Related Articles

Back to top button