दक्षिणी सीरिया में इजरायली सेना की बड़ी कार्रवाई, 10 की मौत, नागरिकों के मारे जाने पर विवाद
इजरायल ने बेत जिन गांव में तड़के छापेमारी की गोलीबारी और हवाई हमलों में 10 लोगों की मौत दोनों पक्षों के दावों में बड़ा विरोधाभास

दक्षिणी सीरिया के बेत जिन गांव में शुक्रवार तड़के इजरायली सेना ने व्यापक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चली ताबड़तोड़ गोलीबारी और हवाई हमलों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए। इस घटना पर दोनों पक्षों के दावों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। सीरिया का कहना है कि मारे गए सभी लोग आम नागरिक थे, वहीं इजरायल का दावा है कि उसका निशाना उग्रवादी थे जो इजरायली क्षेत्र पर हमले की योजना बना रहे थे।
गांव में घुसकर की गई रेड, स्थानीय लोग दहशत में गांव छोड़ने लगे
सीरियाई सरकारी एजेंसी सना के अनुसार, इजरायली सैनिक तड़के गांव में दाखिल हुए और कुछ स्थानीय लोगों को हिरासत में लेने की कोशिश की। विरोध होने पर भारी फायरिंग के साथ हवाई हमले भी किए गए। हमले की तीव्रता देखते हुए कई परिवार गांव छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर चले गए। इजरायली सेना के प्रवक्ता ने बयान में कहा कि यह कार्रवाई “खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी, जिसमें बेत जिन में सक्रिय एक आतंकी सेल को निशाना बनाया गया। यह ग्रुप इजरायली नागरिकों पर बड़ा हमला करने की तैयारी कर रहा था।”
इजरायली सेना—’जवाबी कार्रवाई में उग्रवादी मारे गए’
इजरायली सेना के मुताबिक, छापेमारी के दौरान उग्रवादियों ने पहले फायरिंग की, जिसमें छह इजरायली सैनिक घायल हुए। जवाबी कार्रवाई में “कई आतंकवादी ढेर कर दिए गए और बाकी को गिरफ्तार कर लिया गया। ऑपरेशन अब पूरी तरह सफल है।” वहीं गांव के एक स्थानीय अधिकारी वालिद ओकाशा ने एपी को बताया कि “मारे गए सभी लोग नागरिक थे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी थे। इजरायली सैनिकों ने बिना किसी कारण गांव में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी।”
गाजा में युद्धविराम जारी, लेकिन सीरिया-लेबनान बॉर्डर पर तनाव बरकरार
यह घटना ऐसे समय हुई है जब गाजा में युद्धविराम को आगे बढ़ा दिया गया है, लेकिन लेबनान और सीरिया की सीमा पर इजरायली सैन्य गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। सीरिया में इजरायल पिछले कई महीनों से हवाई और जमीनी हमले कर रहा है, जिनका वह संबंध ईरान समर्थित गुटों से बताता है।



