खामेनेई की मौत के बाद सामने आए चारों बेटों के नाम, सत्ता को लेकर तेज हुई चर्चा

अमेरिका-इजरायल की कार्रवाई के बाद खामेनेई की मौत, चारों बेटे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सुप्रीम लीडर की कुर्सी के लिए मुज्तबा खामेनेई का नाम सबसे आगे। खामेनेई की मौत के बाद ईरान और अमेरिका के बीच टकराव और तेज।

Iran news:  अमेरिका और इजरायल की ज्वाइंट कार्रवाई के बाद ईरान में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इसी बीच खबर सामने आई है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो चुकी है। हालांकि उनके चारों बेटे पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं और उनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं। इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि उनके एक बेटे की मौत हो गई है, लेकिन अब यह दावा गलत साबित होता दिख रहा है।

 

खामेनेई के चारों बेटों के नाम

अयातुल्ला अली खामेनेई के चार बेटे हैं, आयतुल्लाह मुस्तफा खामेनई, आयतुल्लाह मुज्तबा खामेनई, हुज्जत उल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन मसऊद खामेनई और हुज्जत उल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन मीसम खामेनई। मौजूदा हालात में ये चारों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

 

मुज्तबा खामेनई के नाम की चर्चा

खामेनेई की मौत के बाद ईरान की सत्ता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि सुप्रीम लीडर की कुर्सी के लिए उनके बेटे मुज्तबा खामेनई का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि अभी तक इस पद को लेकर कोई आधिकारिक फैसला या चुनाव नहीं हुआ है।

 

ईरान-अमेरिका टकराव और गहरा

खामेनेई की मौत के बाद ईरान और अमेरिका के बीच दुश्मनी और बढ़ गई है। दोनों देशों के बीच लगातार हमले और जवाबी कार्रवाई की खबरें सामने आ रही हैं। अमेरिका जहां ईरान पर दबाव बनाए रखना चाहता है, वहीं ईरान भी झुकने को तैयार नहीं दिख रहा। इस टकराव की वजह से पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है।

 

ट्रंप ने किए थे बड़े दावे

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान की सेना, नौसेना और कम्युनिकेशन सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा था कि जंग में ईरान के कई बड़े नेता मारे गए हैं और अमेरिका इस लड़ाई में बेहतर स्थिति में है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि खामेनेई की मौत के बाद आगे क्या होगा। क्या उनके बेटे इस लड़ाई को और तेज करेंगे या फिर हालात किसी समझौते की ओर बढ़ेंगे। फिलहाल मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ रहा है और दुनिया की नजरें ईरान-अमेरिका के इस संघर्ष पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button