कैलिफोर्निया में 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया लापता, पुलिस ने ‘एट-रिस्क’ श्रेणी में रखा
यूसी बर्कले का छात्र मंगलवार से गायब, बैकपैक में मिला पासपोर्ट और लैपटॉप। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताई चिंता, अमेरिकी अधिकारियों से मांगी त्वरित कार्रवाई। लेक अंजा और टिल्डेन रीजनल पार्क के आसपास पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी।

USA news: अमेरिका के California राज्य से एक 22 वर्षीय भारतीय छात्र के लापता होने की खबर सामने आई है, जिससे भारतीय समुदाय में चिंता बढ़ गई है। छात्र का नाम साकेत श्रीनिवासैया है, जो कर्नाटक का रहने वाला है और अमेरिका में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहा था। अचानक उसके गायब होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने तलाश तेज कर दी है। वहीं, भारतीय दूतावास ने भी इस मामले में सक्रियता दिखाते हुए अमेरिकी अधिकारियों से जल्द कार्रवाई का अनुरोध किया है।
यूसी बर्कले का छात्र है साकेत
साकेत University of California, Berkeley (यूसी बर्कले) में केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर्स कर रहा था। वह मंगलवार से लापता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसका बैकपैक पार्क हिल्स इलाके में एक घर के बाहर मिला, जिसमें उसका पासपोर्ट और लैपटॉप मौजूद था। पुलिस के अनुसार, उसे आखिरी बार ड्वाइट वे के 1700 ब्लॉक में देखा गया था।
दूतावास और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
Consulate General of India, San Francisco ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मामले पर गहरी चिंता जताई है। दूतावास परिवार के संपर्क में है और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर रहा है। पुलिस ने साकेत को ‘एट-रिस्क’ श्रेणी में रखा है। उसका कद लगभग 6 फीट 1 इंच, वजन करीब 73 किलोग्राम, छोटे काले बाल और भूरी आंखें बताई गई हैं। तलाशी अभियान खासतौर पर लेक अंजा और टिल्डेन रीजनल पार्क के आसपास चलाया जा रहा है। पुलिस ने किसी भी तरह की जानकारी रखने वाले लोगों से तुरंत संपर्क करने की अपील की है।



