ओडिशा के गंजाम जिले में दिल दहला देने वाली घटना
नवजात बच्ची का शव कुत्तों द्वारा सड़क पर छोड़ते देख लोग स्तब्ध। शरीर पर गहरे घाव, मौके पर पुलिस ने सबूत इकट्ठा किए। पहचान और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी।

ओडिशा के गंजाम जिले के कविसूर्यनगर शहर की नटबर कॉलोनी रोड पर एक दिल दहला देने वाला नजारा देखने को मिला। सुबह राहगीरों ने देखा कि एक कुत्ता नवजात बच्ची का शव अपने मुंह में दबाकर ले जा रहा था। यह दृश्य देखकर आसपास खड़े लोग स्तब्ध रह गए। कुत्ता कुछ दूरी तक शव लेकर गया और सड़क पर रख दिया। इसके बाद आसपास मौजूद अन्य कुत्तों का झुंड शव को नोचने लगा। लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगे और कुत्तों को भगाने की कोशिश की। कुत्ते भागने के बाद बच्ची का शव सड़क पर पड़ा रह गया।
बच्ची के शरीर पर चोट के निशान
तस्वीरों और मौके के दृश्य से साफ पता चला कि बच्ची नवजात थी। उसके शरीर पर गहरे घाव थे, जो यह दर्शाते हैं कि उसकी मौत अत्यंत दर्दनाक रही होगी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची को किसने और कब वहां फेंका। आसपास के लोग भी उसकी पहचान की पुष्टि नहीं कर पाए हैं। सूचना मिलने पर कविसूर्यनगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके की जांच की और सभी सबूत इकट्ठा किए। बाद में बच्ची का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का अनुमान है कि नवजात को किसी और जगह से लाकर यहां फेंका गया होगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज भी जांची जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पहचान की कोशिश जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि एक केस दर्ज किया गया है और शव को बरहमपुर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। स्थानीय लोगों और मेडिकल टीम की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची के माता-पिता कौन हैं और बच्ची की मौत कैसे हुई। थाना प्रभारी के अनुसार, “ऐसा लगता है कि किसी दंपत्ति के यहां नवजात बच्ची की मौत हुई और शव को किसी जगह फेंक दिया गया। कुत्तों ने शव को सड़क तक ले आए। अभी यह पता नहीं चला कि कुत्ते ने शव कहां से निकाला।”



