एप्सटीन फ़ाइल: सत्ता, पैसे और बच्चियों के शोषण का काला सच

एप्सटीन फ़ाइल ने उजागर किया कि सत्ता और पैसे की डील में कैसे नाबालिग बच्चियाँ चारा बनीं खोजी पत्रकारिता ने न्याय व्यवस्था पर दबाव बनाकर सीलबंद सच को सार्वजनिक कराया नाम आना अपराध नहीं, लेकिन यह दिखाता है कि सिस्टम के गलियारों में पहुँच कितनी गहरी थी

क्या इस फ़ाइल में नाम आ जाने भर से कोई यौन अपराधी बन जाता है? नहीं। लेकिन आप सन्दिग्ध ज़रूर हो जाते हैं। यह फ़ाइल सिर्फ़ नाबालिग बच्चियों के साथ हुए यौन अपराधों की कहानी नहीं है, बल्कि दुनिया भर की सत्ता, पैसे और सौदों की भी पोल खोलती है। कैसे बड़े-बड़े राष्ट्राध्यक्ष, उद्योगपति और ताक़तवर लोग अपने फ़ायदे की डील करते हैं, बदले में क्या लेते-देते हैं और इन सबके बीच कैसे कम उम्र की लड़कियाँ चारे की तरह इस्तेमाल की जाती हैं। यह फ़ाइल हमारे दौर के सबसे घिनौने दस्तावेज़ों में से एक है।

 

एप्सटीन फ़ाइल: जिसकी सबको राह थी

एप्सटीन फ़ाइल का इंतज़ार दुनिया भर को था। लाख के करीब तस्वीरों में से अभी सौ भी सार्वजनिक नहीं हुई थीं कि वैश्विक हलचल शुरू हो गई। अब तो लाखों दस्तावेज़ और ई-मेल सामने आ रहे हैं। शराफ़त के कितने ही नक़ाब उतरने लगे हैं। किसी फ़ाइल में नाम आ जाना अपराध साबित नहीं करता, लेकिन यह नाम आपको शक के उस पिंजरे में ज़रूर धकेल देता है जहाँ से निकलना आसान नहीं।

जब तक पूरा सच सामने न आ जाए, न क्लीनचिट बाँटी जा सकती है और न ही सवालों से बचा जा सकता है। जेफ़री एप्सटीन से जुड़ा होना ही दाग़दार होने के लिए काफ़ी है।

 

पर्दे के पीछे का हैवान

जेफ़री एप्सटीन एक ऐसा अपराधी था, जो कथित सभ्य, अमीर, अरबपति, नेता, लेखक और विचारकों के गंदे कामों पर पर्दा डालने का ज़रिया बना। वह पर्दा कैसे उठा अगर यह समझना है, तो समझना होगा कि असली पत्रकारिता क्या होती है।

 

जूली के. ब्राउन: पत्रकारिता की असली मिसाल

आज दुनिया को मियामी हेराल्ड की खोजी पत्रकार जूली के. ब्राउन का शुक्रिया कहना चाहिए। उन्होंने एप्सटीन के अपराधों को सिलसिलेवार खोजी रिपोर्ट्स के ज़रिए सामने रखा। उनकी रिपोर्टिंग ने इतना दबाव बनाया कि व्हाइट हाउस तक को झुकना पड़ा और उन फ़ाइलों को खोलने के आदेश देने पड़े, जिन्हें सालों से दबाकर रखा गया था।

 

किताब से कोर्ट तक

जूली के. ब्राउन ने अपने कॉलम को किताब की शक्ल भी दी। उनकी रिपोर्ट पर बहस हुई, अदालतों ने संज्ञान लिया और उन बंद दरवाज़ों को खोलने का आदेश दिया, जिनके पीछे स्याही ही स्याही भरी थी। यही वह मोड़ था जहाँ से एप्सटीन फ़ाइलें सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा बनीं।

 

बच्चियों का शोषण और ताक़तवर ग्राहक

जेफ़री एप्सटीन वह हैवान था जो नाबालिग लड़कियों को फँसाकर उन्हें यौन अपराधों के दलदल में ढकेलता था। उसके ग्राहक दुनिया के रईस व्यापारी, उद्योगपति, नेता और अभिनेता थे। ये वही लोग थे जो बच्चियों को नोचते थे, लेकिन अपने पैसे और रसूख़ के दम पर समाज में सम्मानित बने रहे।

 

जेल में मौत, सवाल ज़िंदा

2019 में जेफ़री एप्सटीन जेल में सन्दिग्ध हालात में मरा पाया गया। लेकिन जूली के. ब्राउन और मियामी हेराल्ड ने हार नहीं मानी। उन्होंने उन चेहरों को भी बेनकाब करने की कोशिश जारी रखी, जो पैसे, डील या सत्ता के बदले बच्चियों की माँग करते थे।

 

एप्सटीन फ़ाइल क्या है?

एप्सटीन फ़ाइल दरअसल अदालतों में दर्ज दस्तावेज़ों, गवाहियों, ई-मेल्स, फ्लाइट लॉग्स और बयानों का सामूहिक नाम है, जो एप्सटीन के सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क से जुड़े हैं। इस पूरे सच को दुनिया के सामने लाने में मियामी हेराल्ड और जूली के. ब्राउन की भूमिका सबसे अहम रही।

 

“Perversion of Justice” और सिस्टम की पोल

2018 में जूली के. ब्राउन की रिपोर्ट “Perversion of Justice” ने उजागर किया कि कैसे 2008 में एप्सटीन को बेहद हल्की सज़ा दी गई और कैसे अभियोजन एजेंसियों ने पीड़ित लड़कियों को नज़रअंदाज़ किया। इसी रिपोर्ट के बाद न्याय व्यवस्था पर दबाव बढ़ा और मामला दोबारा खुला।

 

सीलबंद सच से सार्वजनिक बहस तक

सालों तक एप्सटीन से जुड़े दस्तावेज़ अदालतों में सीलबंद रहे। मियामी हेराल्ड और पीड़ितों के वकीलों ने सवाल उठाया कि न्याय के नाम पर सच्चाई क्यों छुपाई जा रही है। इसी दबाव में 2023–24 के दौरान अमेरिकी अदालतों ने कई दस्तावेज़ सार्वजनिक करने का आदेश दिया।

 

नाम आना अपराध नहीं, लेकिन सवाल तो हैं

इन फ़ाइलों में राजनेताओं, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों और प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आए। मियामी हेराल्ड ने बार-बार साफ़ किया कि सिर्फ़ नाम आ जाना अपराध साबित नहीं करता, लेकिन यह ज़रूर दिखाता है कि सत्ता और पैसे के गलियारों में एप्सटीन की पहुँच कितनी गहरी थी।

 

व्यवस्था का आईना

एप्सटीन फ़ाइल सिर्फ़ एक अपराधी की कहानी नहीं है। यह उस व्यवस्था का आईना है, जहाँ ताक़तवर लोग अक्सर जवाबदेही से बच निकलते हैं और पीड़ितों की आवाज़ दबा दी जाती है।

 

दोनों दलों की सहमति

जिस तरह अमेरिकी कांग्रेस में इस फ़ाइल को सार्वजनिक करने के लिए डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन—दोनों दलों ने मिलकर वोट किया, वह क़ाबिल-ए-तारीफ़ है। सिर्फ़ एक वोट विपक्ष में पड़ा। इसी सहमति के चलते आज यह फ़ाइल जनता के सामने है।

 

अभी कहानी ख़त्म नहीं हुई

अभी बहुत-सी तस्वीरें सामने आनी बाकी हैं। बहुत-से नक़ाब उतरने बाकी हैं। पैसे और सत्ता की डील में लड़कियों के इस्तेमाल की कहानियाँ अभी खुलनी हैं। जितना दोषी जेफ़री एप्सटीन था, उतने ही दोषी वे सभी लोग भी हैं जिन्होंने इस सिस्टम का फ़ायदा उठाया। इन सबके लिए सज़ा उम्रक़ैद से कम नहीं होनी चाहिए।

 

पत्रकारिता को सलाम

फिलहाल यह वक़्त मियामी हेराल्ड और जूली के. ब्राउन जैसी पत्रकारिता की तारीफ़ करने का है। साथ ही यह समझने का भी कि दुनिया की बड़ी-बड़ी डील किन घिनौने रास्तों से होकर गुज़रती हैं, और सिस्टम कैसे एप्सटीन जैसे लोगों को पैदा करता है, और फिर ज़रूरत पड़ने पर उन्हें ख़ामोशी से मार देता है।

 

आख़िरी सवाल

तस्वीरों में दिखना भले ही सीधे अपराध साबित न करे, लेकिन यह तो साफ़ करता है कि कोई न कोई डील ज़रूर चल रही थी। वह डील खनिज की हो, ठेके की हो या किसी प्रोजेक्ट की—एक पक्ष बेहद घिनौना था। इसलिए एप्सटीन फ़ाइल पर नज़र रखिए और देखिए कि कैसे डॉलर चिपकाकर इंसानियत को कुचला गया।

Related Articles

Back to top button