एपस्टीन केस: नए दस्तावेज़ों में फिल्ममेकर मीरा नायर का नाम, 2009 की फिल्म पार्टी से जुड़ा मामला

Epstein case की नई फाइल्स में मीरा नायर का नाम सामने आया 2009 की फिल्म ‘Amelia’ की आफ्टर पार्टी से जुड़ा ईमेल DOJ का दावा– रिकॉर्ड सार्वजनिक, लेकिन किसी पर आरोप नहीं

Mira nair news: अमेरिका के न्याय विभाग ने शुक्रवार, 30 जनवरी को एक बार फिर कुख्यात कारोबारी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े कुछ और दस्तावेज़ सार्वजनिक किए हैं। इन नए रिकॉर्ड्स में भारतीय-अमेरिकी फिल्म निर्देशक मीरा नायर का नाम भी सामने आया है। मीरा नायर न्यूयॉर्क के मौजूदा मेयर जोहरान ममदानी की मां हैं। सार्वजनिक किए गए दस्तावेज़ों में मीरा नायर से जुड़ा एक ईमेल शामिल है, जिसे अमेरिकी पब्लिसिटी मैनेजर पेगी सीगल ने जेफ्री एपस्टीन को भेजा था।

 

2009 की आफ्टर पार्टी का जिक्र

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यह ईमेल 21 अक्टूबर 2009 को भेजा गया था। मेल उस आफ्टर पार्टी के तुरंत बाद लिखा गया, जो एपस्टीन की करीबी सहयोगी गिस्लीन मैक्सवेल के मैनहैटन स्थित टाउनहाउस में आयोजित हुई थी। ईमेल में पेगी सीगल ने लिखा कि वह गिस्लीन के टाउनहाउस से अभी-अभी लौटी हैं, जहां एक फिल्म की आफ्टर पार्टी चल रही थी। बताया गया कि यह पार्टी मीरा नायर की फिल्म ‘अमेलिया’ से जुड़ी हुई थी।

 

पार्टी में कई चर्चित नाम

ईमेल में यह भी दावा किया गया कि उस आफ्टर पार्टी में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस और फिल्म की निर्देशक मीरा नायर सहित कई अन्य नामी हस्तियां मौजूद थीं।

 

फिल्म ‘अमेलिया’ का बैकग्राउंड

मीरा नायर के निर्देशन में बनी बायोग्राफिकल फिल्म ‘अमेलिया’ साल 2009 में रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म में हिलेरी स्वैंक ने मशहूर एविएटर एमेलिया एरहार्ट की भूमिका निभाई थी, जबकि रिचर्ड गियर उनके पति जॉर्ज पुटनम के किरदार में नजर आए थे।

 

सियासी हलकों में चर्चा तेज

एपस्टीन फाइल्स में मीरा नायर का नाम ऐसे समय सामने आया है, जब उनके बेटे जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के मेयर बने हैं। इसी वजह से यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, अब तक इस दस्तावेज़ में मीरा नायर पर किसी भी तरह के अपराध या गैरकानूनी गतिविधि का आरोप नहीं लगाया गया है।

 

30 लाख से ज्यादा रिकॉर्ड सार्वजनिक

अमेरिकी डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच के मुताबिक, न्याय विभाग ने हालिया खुलासे में एपस्टीन केस से जुड़े 30 लाख से अधिक पन्नों के दस्तावेज़, 2,000 से ज्यादा वीडियो और करीब 1.80 लाख तस्वीरें सार्वजनिक की हैं। इन नए रिकॉर्ड्स में ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू समेत कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों के नाम शामिल हैं। फाइल्स के अनुसार, एपस्टीन के संपर्क में रहे राजनीतिक, कारोबारी और सांस्कृतिक जगत से जुड़े कई लोगों के बीच ईमेल संवाद भी सामने आए हैं।

Related Articles

Back to top button