ईरान पर इजरायल का बड़ा हमला, 8 पुल तबाह; नेतन्याहू बोले ‘आतंकी शासन को कुचल रहे हैं’
इजरायल का ईरान पर बड़ा एयरस्ट्राइक, 8 अहम पुल किए तबाह Benjamin Netanyahu का दावा 'आतंकी शासन को कुचल रहे हैं’ कई शहरों में बिजली और रेल सेवा प्रभावित, क्षेत्र में तनाव चरम पर

Iran crisis: तेल अवीव से बड़ी खबर सामने आई है, जहां इजरायल ने ईरान पर बड़ा सैन्य हमला करते हुए 8 अहम पुलों को ध्वस्त कर दिया है। इन हमलों के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu ने कहा कि उनकी सेना ईरान के “आतंकी शासन” को लगातार निशाना बना रही है। उन्होंने दावा किया कि हमले अब पहले से ज्यादा तेज और ताकतवर तरीके से किए जा रहे हैं।
एयरबेस पर हमला, हेलीकॉप्टर और विमान तबाह
इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने ईरान के एक एयरफोर्स बेस पर बड़ा हमला किया, जहां ट्रांसपोर्ट प्लेन और दर्जनों हेलीकॉप्टर नष्ट कर दिए गए। इसके बाद सेना ने पुलों और रेलवे नेटवर्क को टारगेट किया, जिनका इस्तेमाल हथियार और सैनिकों की आवाजाही के लिए किया जा रहा था। नेतन्याहू ने कहा कि ये कार्रवाई ईरान की जनता के खिलाफ नहीं, बल्कि उस शासन के खिलाफ है जो दशकों से लोगों को दबा रहा है।
तेहरान समेत कई शहरों में तबाही
Tehran, करज, तबरीज, काशान और क़ोम जैसे शहरों में मौजूद कुल 8 पुलों को निशाना बनाया गया। इजरायली सेना के मुताबिक, इन ठिकानों का इस्तेमाल सैन्य गतिविधियों के लिए हो रहा था। IDF ने यह भी दावा किया कि हमले के दौरान नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सावधानियां बरती गईं।
130 से ज्यादा एयर डिफेंस सिस्टम तबाह होने का दावा
इजरायल ने दावा किया है कि अब तक ईरान के 130 से ज्यादा एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट किया जा चुका है। सेना ने हमले का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें मिसाइल के कैमरे से अंतिम क्षणों की तस्वीरें दिखाई गई हैं।
हमलों का असर, कई इलाकों में बिजली और रेल सेवा प्रभावित
हमलों का असर अब आम लोगों तक भी पहुंचने लगा है। करज के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, क्योंकि ट्रांसमिशन लाइन को नुकसान पहुंचा है। वहीं काशान में याह्या आबाद रेलवे ब्रिज पर हमले से रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।इस्फहान प्रांत में हुए एक हमले में 2 लोगों की मौत की भी पुष्टि हुई है। हमले से पहले इजरायली सेना ने नागरिकों को चेतावनी दी थी कि वे रात 9 बजे तक ट्रेनों का इस्तेमाल न करें। बढ़ते हमलों के बीच मिडिल ईस्ट में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और तनाव अब एक बड़े क्षेत्रीय संकट का रूप लेता दिख रहा है।



