अलास्का–युकोन बॉर्डर पर 7 तीव्रता का भूकंप, दूर-दराज इलाकों में तेज झटके महसूस
अलास्का–युकोन बॉर्डर पर 7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज, कई दूरस्थ इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए, सुनामी अलर्ट नहीं, नुकसान की अभी तक कोई बड़ी सूचना नहीं।

अलास्का और कनाडा के युकोन क्षेत्र की सीमा के पास स्थित एक सुदूर इलाके में शनिवार को 7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप की गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी और इसके बाद कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए। राहत की बात यह है कि सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और अब तक किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
कहां था भूकंप का केंद्र?
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप अलास्का से करीब 370 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम और व्हाइटहॉर्स (युकोन) से 250 किलोमीटर पश्चिम में आया। यह अलास्का के याकुटाट शहर से लगभग 91 किलोमीटर दूर था, जहां करीब 662 लोग रहते हैं।
लोकल पुलिस ने क्या बताया?
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस की अधिकारी सार्जेंट कैलिस्टा मैकलियोड के अनुसार, भूकंप के बाद उन्हें दो कॉल मिलीं। उन्होंने कहा कि झटके इतने तेज थे कि इलाके के लगभग सभी लोगों ने इन्हें महसूस किया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपने अनुभव साझा किए हैं।
सबसे ज्यादा प्रभावित युकोन का पहाड़ी इलाका
कनाडा के नेचुरल रिसोर्सेज विभाग की सिस्मोलॉजिस्ट एलिसन बर्ड ने बताया कि भूकंप से सबसे ज्यादा असर युकोन के पहाड़ी क्षेत्रों में देखा गया, जहां जनसंख्या बहुत कम है। लोगों ने बताया कि झटकों के दौरान अलमारियों और दीवारों से सामान गिर गया, लेकिन किसी बड़ी क्षति की खबर नहीं है।
भूकंप क्षेत्र की आबादी कितनी?
बर्ड के अनुसार, भूकंप केंद्र के सबसे नजदीक कनाडाई कस्बा हैन्स जंक्शन था, जो करीब 130 किलोमीटर दूर है। 2022 में यहां की आबादी 1,018 दर्ज की गई थी। वहीं अलास्का के याकुटाट में 662 लोग रहते हैं। भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया और इसके बाद कई छोटे झटके और महसूस किए गए।



