US-Iran War: अमेरिका ने ईरान पर हमले में किया AI का बड़ा इस्तेमाल

अमेरिका ने ईरान पर हमले में AI तकनीक का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया। पहले 24 घंटों में करीब 1000 टारगेट्स पर हमले, Maven Smart System बना बड़ा हथियार। Claude AI मॉडल ने खुफिया जानकारी का विश्लेषण कर टारगेट्स तय करने में की मदद।

वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध में अमेरिकी सेना ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है। वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जंग की शुरुआत के पहले 24 घंटों में ही अमेरिकी सेना ने AI की मदद से करीब 1000 टारगेट्स पर हमला किया। रिपोर्ट के अनुसार, पहले 12 घंटों के भीतर ही लगभग 900 मिसाइलें ईरान के अलग-अलग ठिकानों पर दागी गईं। इन शुरुआती हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के कंपाउंड को भी निशाना बनाया गया, जिसमें उनकी मौत होने की खबर सामने आई। बता दें कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की थी।

 

Maven Smart System ने निभाई अहम भूमिका

रिपोर्ट में बताया गया है कि AI की मदद से अमेरिकी सेना बहुत तेजी से टारगेट्स की पहचान कर पाई और उन पर हमला कर सकी। इससे ईरान को जवाबी कार्रवाई करने का ज्यादा मौका नहीं मिला। इस ऑपरेशन में मुख्य भूमिका Maven Smart System की रही, जिसे अमेरिकी टेक कंपनी Palantir Technologies ने विकसित किया है। यह एक उन्नत डेटा प्रोसेसिंग प्लेटफॉर्म है, जो सैटेलाइट, निगरानी सिस्टम और अन्य सैन्य स्रोतों से मिलने वाली बड़ी मात्रा में खुफिया जानकारी का विश्लेषण करता है। यह सिस्टम रीयल-टाइम में डेटा प्रोसेस कर कमांडरों को संभावित टारगेट्स की जानकारी देता है और उनकी अहमियत के आधार पर प्राथमिकता तय करता है।

 

Claude AI मॉडल का भी इस्तेमाल

Maven प्लेटफॉर्म में Anthropic कंपनी का जेनरेटिव AI मॉडल Claude भी शामिल है। यह मॉडल खुफिया जानकारी का विश्लेषण कर संभावित लक्ष्यों की पहचान करता है और उन्हें रणनीतिक महत्व के आधार पर रैंक करता है। हमलों के बाद यह सिस्टम उनके प्रभाव का आकलन भी करता है, जिससे कमांडर जरूरत पड़ने पर अपनी रणनीति जल्दी बदल सकते हैं। Anthropic और Palantir की साझेदारी के जरिए यह तकनीक अमेरिकी सेना को उपलब्ध कराई गई है। माना जा रहा है कि भविष्य में अमेरिकी सेना AI का इस्तेमाल और भी बड़े पैमाने पर कर सकती है।

 

अमेरिकी सेना में बढ़ रहा AI का इस्तेमाल

Maven Smart System अब अमेरिकी सेना के लिए एक अहम टूल बन चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2025 तक 20,000 से ज्यादा अमेरिकी सैन्य कर्मी इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके जरिए सैटेलाइट और निगरानी सिस्टम से आने वाली जानकारी को रीयल-टाइम में प्रोसेस किया जाता है। कमांडर बड़ी मात्रा में संवेदनशील डेटा को तेजी से समझने के लिए इस सिस्टम पर काफी निर्भर हो गए हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि AI पर निर्भरता इतनी बढ़ चुकी है कि अगर Anthropic के CEO डेरियो अमोडी सेना को यह तकनीक इस्तेमाल न करने की सलाह दें, तब भी डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन सरकारी अधिकारों का इस्तेमाल कर इसे जारी रख सकता है।

Related Articles

Back to top button