UAE में 19 भारतीय गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर फेक वीडियो शेयर करना पड़ा भारी
UAE में 19 भारतीय समेत 35 लोग गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट बना वजह जंग से जुड़े फेक और AI वीडियो शेयर करने पर हुई कार्रवाई भारतीय दूतावास ने नागरिकों को दी सतर्क रहने की सलाह

खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 19 भारतीय नागरिकों समेत कुल 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने सोशल मीडिया पर जंग से जुड़े भ्रामक और फर्जी वीडियो शेयर किए। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद पूरे मध्य पूर्व में तनाव बढ़ा हुआ है।
अटॉर्नी जनरल ने दिए गिरफ्तारी के आदेश
UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमाद सैफ अल शम्सी ने 15 मार्च 2026 को इन गिरफ्तारियों के आदेश दिए। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों ने सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो पोस्ट किए जो या तो एडिटेड थे या फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाए गए थे। इन वीडियोज में मिसाइल हमले, विस्फोट और जंग से जुड़ी घटनाएं दिखाई गईं, जो असल में सच नहीं थीं।
दहशत फैलाने का आरोप
जांच एजेंसियों का कहना है कि इन फर्जी वीडियोज का मकसद लोगों के बीच डर और अफवाह फैलाना था। अधिकारियों के मुताबिक ऐसे कंटेंट से क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सख्त निगरानी
अमीरात न्यूज एजेंसी के अनुसार आरोपियों को तीन अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। एक ग्रुप असली क्लिप्स को गलत संदर्भ में शेयर कर रहा था, जबकि बाकी दो ग्रुप AI से बनाए गए फर्जी वीडियो और हमलों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने वाले कंटेंट पोस्ट कर रहे थे। कुल 35 आरोपियों में 19 भारतीय नागरिक शामिल हैं। इन सभी पर फास्ट-ट्रैक ट्रायल चलाया जाएगा और दोषी पाए जाने पर जेल और भारी जुर्माना हो सकता है।
UAE में साइबर कानून बेहद सख्त
संयुक्त अरब अमीरात में साइबर क्राइम को लेकर कानून काफी कड़े हैं। देश की सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था या स्थिरता को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी ऑनलाइन गतिविधि को गंभीर अपराध माना जाता है। खासकर जंग जैसे संवेदनशील हालात में बिना पुष्टि की जानकारी शेयर करना बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है।
सरकार ने जारी की चेतावनी
UAE सरकार ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह का अनवेरिफाइड कंटेंट सोशल मीडिया पर शेयर न करें। इससे लोगों में घबराहट फैल सकती है और देश की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।
भारतीयों के लिए एडवाइजरी
UAE में रहने वाले भारतीयों को सलाह दी गई है कि वे जंग या हमलों से जुड़े किसी भी वीडियो या खबर को शेयर करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। AI या एडिटेड वीडियो से दूर रहें और राजनीतिक या सैन्य मुद्दों पर पोस्ट करते समय सावधानी बरतें।
भारतीय दूतावास ने भी दी सलाह
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय दूतावास ने भी नागरिकों को सावधान रहने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी पोस्ट करने से पहले उसकी सच्चाई जांच लें, ताकि किसी कानूनी परेशानी से बचा जा सके।



