दिल्ली में बारिश से मौसम सुहावना, एयर क्वालिटी भी सुधरी

दिल्ली में बारिश के बाद मौसम सुहावना, तापमान में हल्की गिरावट दर्ज राजधानी की हवा हुई साफ, AQI 97 के साथ ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंची इस साल पहली बार दिल्ली की एयर क्वालिटी संतोषजनक रहने की उम्मीद

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में रविवार को कई इलाकों में हुई बारिश का असर अब मौसम और हवा दोनों पर दिखने लगा है। बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा साफ हुई है और एयर क्वालिटी में सुधार दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 97 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। वहीं बारिश के बाद तापमान में भी हल्की गिरावट देखी गई है। सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा है।

 

अलग-अलग इलाकों में दर्ज हुआ अलग तापमान

दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक पालम में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है। लोधी रोड में यह 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। वहीं रिज इलाके में 15.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है।

 

कई इलाकों में हुई हल्की बारिश

रविवार को दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 8:30 बजे तक के 24 घंटे में सफदरजंग में 0.4 मिमी, लोधी रोड में 0.5 मिमी और आयानगर में 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि पालम और रिज इलाकों में बहुत हल्की या नगण्य बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

बारिश के बाद हवा हुई साफ

बारिश के बाद दिल्ली की हवा में भी साफ सुधार देखने को मिला है। सोमवार को AQI 97 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। अगर पूरे दिन का औसत AQI इसी श्रेणी में बना रहता है, तो यह इस साल का पहला दिन हो सकता है जब दिल्ली की हवा ‘संतोषजनक’ स्तर पर पहुंची हो। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार 0-50 AQI को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘अत्यंत खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

Related Articles

Back to top button