शहीद अभिषेक का पार्थिव शरीर पहुंचा रांची, राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि

रांची। लद्दाख में शहीद हुए रांची के लाल अभिषेक कुमार साहू( 25) का पार्थिव शरीर मंगलवार रात रांची एयरपोर्ट पहुंचा।
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राँची एयरपोर्ट पहुंचकर शहीद अभिषेक कुमार के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण किया। मौके पर राज्य के मंत्री चम्पई सोरेन, जिला प्रशासन के पदाधिकारीगण एवं सैन्य पदाधिकारियों ने भी शहीद के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर अपनी-अपनी श्रद्धा-सुमन अर्पित की। अभिषेक कुमार साहू( 25) का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक निवास पहुंचेगा।
शहीद अभिषेक के पार्थिव शरीर को सोसई आश्रम कॉलेज गेट के पास रिसीव कर वहां से सम्मान पूर्वक शव यात्रा उनके घर तक जाएगी, जहां से बिजुपाड़ा होते हुए चोरेया तक शव यात्रा पहुंचेगी, जहां उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जायेगी। उल्लेखनीय है कि लद्दाख में देश की सरहद की रक्षा करते हुए रांची के चान्हो प्रखंड के चोरेया गाव निवासी जवान 25 वर्षीय अभिषेक कुमार शहीद हो गए थे। अभिषेक के शहीद होने की सूचना सेना की ओर से उनके परिजनों को बीते शनिवार की शाम दी गयी थी। सेना की ओर से बताया गया शनिवार को दिन में करीब ढाई बजे गश्त के दौरान अभिषेक कुमार पहाड़ से फिसलकर खाई में गिरकर घायल हो गए थे। इसके बाद अभिषेक को सेना के द्वारा इलाज के लिए करगिल स्थित सैनिक अस्पताल में ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

Related Articles

Back to top button