एक्टर को जानमाल का खतरा, जानिए क्यों?

एक्टर सूर्या के घर की सुरक्षा बढ़ी, नेता ने किया था हमला करने वाले को एक लाख देने का ऐलान

तमिल सुपर स्टार सूर्या की 2 नवंबर को OTT रिलीज फिल्म जय भीम में दक्षिण की वन्नियार जाति को गलत तरीके से प्रस्तुत करने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टी PMK के एक नेता ने फिल्म के हीरो और तमिल सिनेमा के सुपर स्टार सूर्या पर हमला करने के बदले एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा कर दी है। इसके बाद सूर्या के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

वन्नियार जाति की संस्था संगम ने फिल्म मेकर्स को लीगल नोटिस भेजा है। मांग की है कि फिल्म से जुड़े सभी लोग माफी मांगे। साथ ही एक हफ्ते के भीतर मुआवजे के रूप में पांच करोड़ रुपए भी दें। पाट्टाली मक्कल कॉची (PMK) के जिला सचिव सीतामल्ली पलानीसामी की तरफ से सूर्या पर हमला करने वाले को 1 लाख रुपए देने का ऐलान करने के बाद तमिलनाडु पुलिस ने उनके खिलाफ पांच गैर जमानती धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।

जय भीमः हाईएस्ट IMBd रेटिंग वाली फिल्म
फिल्म अमेजन प्राइम पर 2 नवंबर को रिलीज हुई है। ये फिल्म सामाजिक और जातिगत भेदभाव के खिलाफ बनाई गई फिल्म है। इसमें पिछड़ी जातियों पर अत्याचार होते और उसके लिए लड़ते नायक की कहानी है। फिल्म को 9.8 की IMBd रेटिंग मिली है, जो इसे बेहतरीन फिल्म बताती है। फिल्म तमिल, तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ पांच भाषाओं में OTT पर मौजूद है।

क्या है पूरा विवाद
पहला विवाद- फिल्म में कई सीन ऐसे हैं, जिसमें इरुला नाम के समुदाय की जनजाति के बारे में दिखाया गया है कि पुलिस हिरासत में उन्हें किस प्रकार की यातनाएं दी जाती थीं।

दूसरा विवाद- इसमें एक सीन में एक कैलेंडर पर अग्नि कुंडम दिखता है, जो वन्नियारों का प्रतीक है। इस पर वन्नियार समाज ने आपत्ति दर्ज कराई हैं। उनका दावा है कि मेकर्स ने जान-बूझकर कैलेंडर रखा था।

तीसरा विवाद- फिल्म में राजकन्नू नाम के कैरेक्टर को पुलिसकर्मी प्रताड़ित करता है। इस सीन में प्रताड़ित करने वाला वन्नियार जाति का है। दावा किया है कि, मेकर्स ने जानबूझकर उसे इस समुदाय का दिखाया है।

कौन है सूर्या
23 जुलाई, 1975 को जन्में सरावनन शिवकुमार, जिन्होंने आगे चलकर अपना नाम सूर्या रखा। वह एक एक्टर, प्रोड्यूसर, टीवी प्रजेंटेटर हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1997 आई फिल्म नेरुक्कू नेर से शुरु किया था। सूर्या की पहली कमर्शियल हिट फिल्म काख्खा काख्खा थी, जो 2003 में आई थी। तमिल फिल्म इंडस्ट्री में सूर्या सबसे ज्यादा फीस लेने वाले एक्टर्स में से एक हैं। वो 2D एंटरटेनमेंट नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस भी चलाते हैं। सूर्या एक फाउंडेशन चलाते हैं, जिसका नाम अगारम फाउंडेशन है। इसका मोटिव रूरल सोसाइटी के बच्चों को शिक्षा प्रदान करना है।

दूसरी राजनीतिक पार्टियों का बयान
VCK पार्टी के प्रमुख थोल तिरुमवालवन ने मामले पर रिएक्शन देते हुए कहा, ‘PMK जब भी अपना राजनीतिक आधार खोने लगती है, तो वह ऐसे ही विवाद खड़े करती हैं। धमकी देकर वो लोग सूर्या को नहीं डरा रहे हैं, यह लोकतंत्र और संविधान के लिए भी खतरा है। तमिलनाडु में सभी लोकतांत्रिक ताकतें PMK का विरोध कर रही हैं। पुलिस को ऐसी असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।’

PMK का दावा
PMK ने यह दावा किया है कि ‘जय भीम’ से उनकी पार्टी की छवि को बहुत नुकसान हुआ है। फिल्‍म को लेकर जब से विवाद शुरू हुआ है, तब से सूर्या ने इस पर राजनीति नहीं करने की अपील की थी। इस विवाद के बीच सोशल मीडिया पर सूर्या को खूब सपोर्ट मिल रहा है।

एक्टर सूर्या ने पोस्ट शेयर कर दिया धन्यवाद
सोशल मीडिया पर मिल रहे सपोर्ट के बाद सूर्या ने सभी धन्यवाद देते हुए लिखा, आप सभी का ‘जय भीम’ के लिए यह प्यार जबरदस्त है। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा है। आप सभी ने हमें जो विश्वास और आश्वासन दिया है, उसके लिए मैं कितना आभारी हूं शब्दों में नहीं व्यक्त कर सकता। हमारे साथ खड़े होने के लिए दिल से धन्यवाद।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button