T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले उज्जैन में यज्ञ, टीम इंडिया की जीत के लिए मंदिर में विशेष अनुष्ठान
T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले उज्जैन में टीम इंडिया के लिए यज्ञ बगलामुखी माता मंदिर में 51 बटुकों के साथ हुआ विशेष अनुष्ठान भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले से पहले जीत की प्रार्थना

उज्जैन: भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि लोगों की भावना से जुड़ा हुआ है। इसी उत्साह को देखते हुए मध्य प्रदेश के उज्जैन में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए विशेष यज्ञ और पूजा का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। दरअसल, आज शाम ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना है। ऐसे में देशभर में टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थनाएं और पूजा-पाठ किए जा रहे हैं।
बगलामुखी माता मंदिर में हुआ विशेष अनुष्ठान
उज्जैन के भैरवगढ़ रोड स्थित बगलामुखी माता मंदिर में विशेष यज्ञ और अनुष्ठान किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में मंदिर के महंत रामदास जी महाराज, भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया और 51 बटुक शामिल हुए। यज्ञ के दौरान लाल मिर्च, हल्दी, सरसों और कई तरह की जड़ी-बूटियों की आहुति दी गई और माता से टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की गई।
सांसद ने मांगा टीम इंडिया की जीत का आशीर्वाद
इस मौके पर भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि बगलामुखी माता के दरबार में यज्ञ कर भारतीय टीम की जीत के लिए प्रार्थना की गई है। उन्होंने कहा कि माता से यही कामना की गई है कि भारतीय खिलाड़ियों को शक्ति और बुद्धि मिले और विरोधी टीम का मनोबल कमजोर हो, ताकि भारत विश्व कप जीतकर देश का मान-सम्मान बढ़ा सके।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होगा कड़ा मुकाबला
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। दिलचस्प बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप में अब तक दोनों टीमें तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं और तीनों ही बार न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की है। ऐसे में भारतीय टीम के सामने इस बार इतिहास बदलने की चुनौती होगी। अगर टीम इंडिया यह मुकाबला जीतती है तो वह अपने घर में T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन सकती है।



