दिल्ली के कई इलाकों में पानी की सप्लाई रहेगी प्रभावित, जल बोर्ड ने लोगों को पहले से स्टोर करने की सलाह दी

दिल्ली के 12 से ज्यादा इलाकों में सोमवार को पानी की सप्लाई प्रभावित जल बोर्ड ने लोगों से पहले ही पानी स्टोर करने की अपील की जलाशय और पंपिंग स्टेशन की फ्लशिंग के कारण होगा असर

नई दिल्ली: होली के बाद अब गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है और पानी की मांग भी बढ़ने लगी है। इसी बीच दिल्ली जल बोर्ड ने राजधानी के कई इलाकों के लिए अहम सूचना जारी की है।दिल्ली जल बोर्ड के मुताबिक सोमवार, 9 मार्च 2026 को दिल्ली के 12 से ज्यादा इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। ऐसे में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे रविवार को ही पर्याप्त पानी स्टोर करके रख लें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।

 

इन इलाकों में पानी की सप्लाई होगी प्रभावित

जल बोर्ड के अनुसार जिन इलाकों में पानी की किल्लत हो सकती है, उनमें पीतमपुरा, शालीमार बाग, A3 ग्रीन अपार्टमेंट पश्चिम विहार, BG1/SFS पश्चिम विहार, केशवपुरम, लॉरेंस रोड, त्रिनगर, रामपुरा, अशोक विहार, ब्लॉक D करमपुरा, 444 (लाल क्वार्टर) मादीपुर और 208 (SFS) मादीपुर शामिल हैं।

 

यह है पानी की सप्लाई प्रभावित होने की वजह

दिल्ली जल बोर्ड ने बताया कि अंडरग्राउंड जलाशय और बूस्टर पंपिंग स्टेशन की फ्लशिंग के सालाना कार्यक्रम के चलते इन इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी। इस वजह से कुछ समय के लिए जल सप्लाई बाधित रहेगी।

 

फरवरी में भी हुई थी पानी की किल्लत

इससे पहले फरवरी में भी दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। उस समय चंद्रावल जल शोधन संयंत्र से जुड़ी पाइपलाइन की मरम्मत के कारण कई जगहों पर पानी की सप्लाई बंद करनी पड़ी थी। उस दौरान हिरणकूदना, बक्करवाला गांव, लोकनायक पुरम, टिकरी गांव, मुंडका गांव, नीलवाल गांव, किशनगढ़ और महरौली स्वर्ण पार्क जैसे इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित रही थी।

 

दिल्ली में पानी की समस्या लंबे समय से एक बड़ा मुद्दा बनी हुई है, जिससे कई इलाकों के लोगों को अक्सर जूझना पड़ता है।

Related Articles

Back to top button