रिसड़ा : शारदा चिटफंड के शाखा कार्यालय का ताला खोलने पर भड़की भाजपा, किया पथावरोध 

रिसड़ा(हुगली)। जिले के रिसड़ा में आरबीसी रोड इलाके में स्थित शारदा चिटफंड के शाखा कार्यालय को बुधवार अपराह्न खोले जाने की खबर के बाद भाजपा के कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने आरबीसी रोड पर पथावरोध कर दिया।
बताया गया है कि अपराह्न के समय भाजपा के रिसड़ा मंडल के कार्यकर्ताओं को यह सूचना मिली कि रिसड़ा के आरबीसी रोड इलाके में स्थित शारदा चिटफंड के कार्यालय का ताला खोला जा रहा है। इसके बाद भाजपा के मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय के नेतृत्व में भाजपा केे कार्यकर्ता वहां पहुंचे और शारदा चिटफंड के कार्यालय की तस्वीरें खींचने लगे। इसको लेकर ताला खोलने वाले व्यक्ति के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की बहस हुई। आरोप है कि उन्होंने विजय पांडेय को धक्का भी दे दिया। इस घटना से गुस्साए भाजपा कार्यकर्ता रिसड़ा थाने में गए और वहां मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई।

उसके बाद भाजपा के रिसड़ा मंडल एक के अध्यक्ष विजय पांडेय के नेतृत्व में जिला नेता विजय उपाध्याय, रिसड़ा महिला मोर्चा के अध्यक्ष डोली साव समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरबीसी रोड पर पथावरोध कर दिया। पथावरोध के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तकरीबन आधे घंटे बाद रिसड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और भाजपा कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाया।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है शारदा चिटफंड घोटाले को लेकर अभी सीबीआई जांच चल रही है। इसी बीच उसके शाखा कार्यालय को खोलकर कुछ दस्तावेजों को इधर उधर करने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन ऐन मौके पर भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए। इससे शारदा चिटफंड के शाखा कार्यालय का ताला खोलने वाला व्यक्ति अपने इरादों में कामयाब नहीं हो सका। पुलिस को मामले की जांच करनी पड़ेगी।

Related Articles

Back to top button