रांची : कृषि सुधार कानून को झारखंड में लागू नहीं होने देंगे : झामुमो

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी केंद्र के कृषि सुधार कानून को झारखंड में लागू नहीं होने देगी। उन्होंने शनिवार को प्रेसवार्ता में कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यसभा में किसान बिल पारित करवाया। केंद्र की भाजपा सरकार संघीय ढांचे को तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनविरोधी कृषि कानून के खिलाफ जो भी किसान सड़कों पर हैं, पार्टी उनका अभिनंदन करती है और उनको समर्थन देती है। हम इस काले कानून को झारखंड में लागू नहीं होने देंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि कांग्रेस के बड़े नेताओं ने कभी खेती की है क्या, तो हम पूछना चाहते हैं कि क्या दीपक प्रकाश हरमू मैदान में खेती करते थे। क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रघुवर दास ने कभी खेती की है। हां, बाबूलाल मरांडी खेती करते थे। बाबूलाल मरांडी तन की बात भले ही भाजपा के पक्ष में करें पर मन की बात हमेशा किसानों के पक्ष में ही करेंगे। उन्होंने कहा कि जनांदोलन को कुचलने के लिए यूपी में डॉ कफील पर रासुका लगा दिया गया और उन्हें आतंकवादी करार दिया गया।

Related Articles

Back to top button