मुंबई : गुजरात के व्यापारी से रंगदारी मांगने वाला फर्जी आईपीएस अधिकारी गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई पुलिस की क्राईम ब्रांच ने गुजरात स्थित सूरत के एक व्यापारी से 16 लाख रुपये रंगदारी मांगने वाले फर्जी आईपीएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन जांच जारी है।
मुंबई क्राईम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय सावंत के अनुसार फर्जी आईपीएस अधिकारी श्यामसुंदर शर्मा को उनकी टीम ने शनिवार को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। उसे मुंबई लाकर गहन पूछताछ की जा रही है।
सावंत के अनुसार आरोपित श्यामसुंदर शर्मा ने मुंबई के होटल अंबेसडर के कमरे में से सूरत के व्यापारी मोहम्मद एहतेशाम असलम नवीवाला से 16 लाख रुपये की मांग की थी। नवीवाला ने इसकी शिकायत सूरत पुलिस से की थी। इसके बाद सूरत पुलिस ने यह मामला मुंबई क्राईम ब्रांच पुलिस को ट्रांसफर किया था। इस मामले में आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। छानबीन में पता चला है कि आरोपित ने पिछले वर्ष इसी तरह मध्यप्रदेश में फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर रंगदारी मांगा था। इस मामले की गहन जांच जारी है और बहुत से तथ्य सामने आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button