रांची : पीएलएफआई के 14 उग्रवादी हथियार के साथ गिरफ्तार

रांची। राजधानी में जमीन कारोबारियों से रंगदारी वसूलने आये प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के 14 उग्रवादियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी की गिरफ्तारी बुधवार देर रात हुई है। सभी रांची में किराएदार बनकर रह रहे थे। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया यह सभी उग्रवादी जमीन कारोबारियों से रंगदारी लेने के लिए कुछ माह से राजधानी के शहरी और ग्रामीण इलाके में किरायेदार के रूप में रह रहे थे। इन उग्रवादियों को सदर ,सुखदेव नगर और चुटिया थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। गिरफ्तार उग्रवादियों की निशानदेही से रांची समेत अन्य जिलों में भी पुलिस छापेमारी कर रही है। इनके पास से आठ हथियार और गोलियां सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले कांके में छापेमारी की वहां से उग्रवादियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ करने पर शहर के अन्य क्षेत्रों में रह रहे उग्रवादियों के बारे में जानकारी मिली। फिर संबंधित थानों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बाकी उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सभी को गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है। मामले को लेकर छापेमारी जारी हैं। एक वरीय अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर को तीन पीएलएफआई उग्रवादियों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया था। तीनों पीएलएफआई कमांडर पुनई के दस्ते के सदस्य थे।

Related Articles

Back to top button