मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन

लखनऊ के सिविल अस्पताल में मृत अवस्था में लाए गए प्रतीक यादव फेफड़ों में क्लॉट की समस्या और शरीर पर मिले चोट के निशान चार डॉक्टरों की टीम करेगी पोस्टमार्टम, सीएम योगी ने जताया दुख

Prateek yadav demise: लखनऊ से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया था। अस्पताल में उस समय उनकी पत्नी अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट भी मौजूद थे। प्रतीक यादव मात्र 38 वर्ष के थे और अपनी फिटनेस के लिए काफी मशहूर थे। उनके अचानक चले जाने से पूरे यादव परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

कैसे हुई यह अनहोनी

बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव तड़के सुबह करीब चार बजे अपने घर के किचन में बेहोश पाए गए थे। हालांकि वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे, लेकिन उनकी मौत की सटीक वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

बीमारी और इलाज का विवरण

सूत्रों से मिली जानकारी के संकेत दे रहे हैं कि प्रतीक यादव फेफड़ों की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। उनके फेफड़ों में काफी समय से क्लॉट यानी खून के थक्के जमने की दिक्कत थी, जिसका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा था। आज सुबह जब उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी और उन्होंने शरीर में कोई हलचल नहीं की, तब परिजन आनन-फानन में उन्हें सिविल अस्पताल लेकर भागे थे।

शरीर पर चोट के निशान और जांच

इस मामले में एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि उनके शरीर पर कुछ चोट के निशान मिले हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पोस्टमार्टम कराने का फैसला लिया है। चार डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनका पोस्टमार्टम करेगी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस पूरी प्रक्रिया की वीडियो ग्राफी भी कराई जाएगी।

प्रतीक यादव का परिचय

प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में भाजपा नेता हैं और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। प्रतीक ने खुद को हमेशा राजनीति की चकाचौंध से दूर रखा। उनका सारा ध्यान अपने बिजनेस और जिम वर्कआउट पर रहता था। वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी बॉडी बिल्डिंग की तस्वीरें साझा करते थे।

मुख्यमंत्री ने व्यक्त की संवेदना

प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की कामना की है।

 

यह भी पढ़ें: सीएम योगी की बड़ी अपील, फिजूलखर्ची पर रोक और स्वदेशी अपनाने पर जोर

Related Articles

Back to top button