सीएम योगी की बड़ी अपील, फिजूलखर्ची पर रोक और स्वदेशी अपनाने पर जोर

ईंधन और बिजली बचाने के लिए सीएम योगी ने जारी किए कड़े निर्देश सरकारी दफ्तरों और निजी संस्थानों में वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने की अपील शादियों और आयोजनों में विदेशी डेस्टिनेशन की जगह यूपी के पर्यटन स्थलों को चुनने का आग्रह

CM yogi appeal: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक आह्वान को उत्तर प्रदेश में मजबूती से लागू करने का फैसला लिया है। सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे ईंधन की खपत कम करें और सोने की अनावश्यक खरीदारी से बचें। दुनिया के मौजूदा हालात और उथल-पुथल को देखते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि अब सभी को सावधानी बरतनी होगी। इस अभियान की शुरुआत सरकार अपने स्तर से करने जा रही है, जिसके तहत मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में शामिल वाहनों की संख्या में तत्काल 50 प्रतिशत तक की कमी करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकारी काम-काज में बड़े बदलाव की तैयारी

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि सरकारी बैठकों, सेमिनारों और वर्कशॉप का आयोजन वर्चुअली किया जाए। इसके साथ ही औद्योगिक संस्थानों और स्टार्टअप्स को भी सलाह दी गई है कि वे अपने कर्मचारियों को हफ्ते में कम से कम दो दिन घर से काम करने की सुविधा दें। सीएम ने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से भी आग्रह किया है कि वे हफ्ते में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें ताकि समाज में एक सकारात्मक संदेश जाए और ईंधन की बचत हो सके।

CM yogi appeal: बिजली और तेल बचाने के लिए नई गाइडलाइंस

ऊर्जा संरक्षण को लेकर सीएम योगी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों और घरों में बिजली का अनावश्यक प्रयोग न हो और रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का इस्तेमाल कम से कम किया जाए। स्वास्थ्य और घरेलू बचत के मद्देनजर उन्होंने लोगों से खाने के तेल का उपयोग घटाने की भी अपील की है। स्कूलों, हॉस्टलों और पुलिस मेस जैसी जगहों पर भी कम तेल वाले भोजन को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, अगले छह महीनों तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने और देश के भीतर ही पर्यटन को बढ़ावा देने का आग्रह किया गया है।

स्वदेशी और प्राकृतिक खेती पर फोकस

CM yogi appeal: यूपी सरकार अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ के साथ-साथ ओडीओपी और जीआई टैग वाले उत्पादों को उपहार के तौर पर देने को बढ़ावा देगी। शादियों और त्योहारों में विदेशी सामानों के बजाय भारत में बने हस्तशिल्प का इस्तेमाल करने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा देने और गोशालाओं के गोबर का सही प्रबंधन करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में ज्योतिष की नियुक्ति पर बवाल

Related Articles

Back to top button