14 साल की नाबालिग से हुए रेप के मामले में उबल गया रतलाम, पत्थरबाजी और कोहराम

मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में निजी स्कूल की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले पर पूरा रतलाम शहर गुरुवार को उबलता रहा । गैंग रेप के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के बाद शहर में तनाव की स्थिति बन गई है। बीजेपी के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने क्षेत्र में बंद का आह्वान किया। जिसके बाद एक विरोध रैली में शहर के लोग सड़कों पर उतर आए।

14 साल की छात्रा से रेप मामले में गुस्साई जनता ने शहर भर में विरोध प्रदर्शन किया। लोग महल वाडा से पैलेस रोड़ डालू मोती बाजार नगर निगम होते हुए कान्वेंट स्कूल पहुंचे। रैली में 15000 से ज्यादा लोग शामिल थे और आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे थे। गुरुवार सुबह एबीवीपी द्वारा रैली निकालकर शहर के स्कूल कॉलेजों को बंद कराया गया। गुस्साए लोगों ने उस स्कूल के बाहर भी प्रदर्शन किया, जहां पीड़ित लड़की और आरोपी लड़के पढ़ते हैं। रैली में लोगों ने सेंट जोसफ स्कूल के बहार जमकर पत्थरबाजी की। फिलहाल एहतियातन स्कूल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पत्थरबाजी कर रहे लोगों पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज

प्रदर्शन में पत्थरबाजी से रैली में आए कई लोगों को चोट आई है। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और गुस्साए लोगों पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया। कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और वो अफसरों से भिड़ गए। मामला बिगड़ते देख एसपी गौरव तिवारी ने भी मोर्चा संभाला और सेंट जोसेफ स्कूल के बाहर पत्थरबाजी कर रहे लोगों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया भीड़ को तितर-बितर किया। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

नाबालिग लड़कों ने किया दुष्कर्म

गौरतलब है कि लड़की के स्कूल में ही पढ़ने वाले दो लड़कों ने अश्लील तस्वीरों पर लड़की का चेहरा फोटोशॉप्ड कर दिया था। उन्होंने लड़की से 2,000 रुपये मांगे और न देने पर उसे लीक करने की धमकी दी। इसके बाद वे पैसे लेने के लिए उस लड़की के घर गए और घर पर उसे अकेला पाकर उसके साथ बलात्कार किया। आरोपी लड़की के घर से 20,000 रुपये और उसके सोने के झुमके भी ले गए। बाद में उन्होंने लड़की से फिर 2,500 रुपये की मांग की। लड़की ने पैसे न होने की वजह से पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने पीड़ित लड़की को एक होटल में भेजा, जहां एक तीसरे आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया। बता दें कि इनमे से 2 आरोपी नाबालिग हैं।

 

Related Articles

Back to top button