पर्यटकों के लिए खुल गया पन्‍ना टाईगर रिजर्व

पन्‍ना।बारिश के सीजन में लगभग तीन माह से बंद चल रहा पन्ना टाईगर रिजर्व गुरुवार से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। पहले दिन दस वाहनों से पर्यटकों ने पन्ना टाईगर रिजर्व का भ्रमण कर आनंद लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले दिन प्रातःकालीन पर्यटन में हिनौता एवं मडला गेट से कुल दस वाहनों के माध्यम से 51 पर्यटकों ने भ्रमण किया। सांयकालीन सफारी में 7 वाहनों के माध्यम से 30 पर्यटकों ने भ्रमण कर पन्ना टाईगर रिजर्व क्षेत्र का आनंद लिया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए मडला एवं हिनौता दोनों गेटों में सादगी के साथ शुभारंभ किया गया। पहले दिन गुरुवार को टाईगर रिजर्व के मड़ला प्रवेश द्वार पर पार्क भ्रमण हेतु आने वाले पर्यटकों का प्रातः 6 बजे पन्ना टाइगर रिजर्व के पंजीकृत गाइड, क्षेत्र संचालक एवं अन्य स्टाफ तथा टूर आपरेटरों के द्वारा स्वागत किया गया। पार्क भ्रमण हेतु जाने वाले पर्यटकों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने को कहा गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक नवागत क्षेत्र संचालक पन्ना टाईगर रिजर्व उत्तम कुमार शर्मा ने गुरुवार सुबह फीता काटकर विधिवत पर्यटक वाहनों को मंडला गेट से प्रवेश कराया। ज्ञात हो कि पन्ना टाईगर रिजर्व का जंगल मौजूदा समय बाघों से गुलजार है। यहाँ के वन क्षेत्र में 27 वयस्क तथा 27 अर्धवयस्क बाघों सहित 9 शावक विचरण कर रहे हैं। जिससे पन्ना पार्क के प्रति देशी व विदेशी पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।

Related Articles

Back to top button