जानिए नीट यू जी परीक्षा रद्द होने के बाद की प्रक्रिया

परीक्षा हुई रद्द, अब सीबीआई करेगी पेपर लीक की जांच दोबारा रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं, जल्द जारी होगी नई तारीख छात्रों को नहीं देनी होगी दोबारा फीस, एडमिट कार्ड फिर से होंगे जारी

Neet exam cancel: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने नीट यूजी 2026 की परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद एजेंसी ने माना है कि मौजूदा स्थिति में इस परीक्षा प्रक्रिया को आगे बढ़ाना संभव नहीं है। आपको बता दें कि यह परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी, जिसमें देश भर के लगभग 22 लाख छात्र शामिल हुए थे। पेपर लीक की जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है और एनटीए ने साफ कर दिया है कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी।

अब कब होगी परीक्षा

एनटीए ने फिलहाल परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान नहीं किया है। एजेंसी का कहना है कि जांच एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा रद्द की गई है। आने वाले कुछ दिनों में नीट की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य माध्यमों से नई तारीखों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही छात्रों के लिए नए एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे।

Neet exam cancel: क्या फिर से रजिस्ट्रेशन करना होगा

छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना पड़ेगा। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों ने मई 2026 के सेशन के लिए पहले से आवेदन किया था, उनकी पात्रता और परीक्षा केंद्रों की जानकारी वैसी ही रहेगी। पुरानी जानकारी के आधार पर ही उन्हें दोबारा परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा।

Neet exam cancel: क्या दोबारा से फीस देनी होगी

दोबारा परीक्षा देने के लिए छात्रों से कोई भी अतिरिक्त पैसा या फीस नहीं ली जाएगी। एनटीए ने बताया है कि वह अपने आंतरिक संसाधनों का इस्तेमाल करके इस परीक्षा को कराएगी। इसके अलावा, पहले जमा की गई फीस के संबंध में भी पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाएगी ताकि छात्रों पर कोई आर्थिक बोझ न पड़े।

जांच कौन करेगा

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने जांच का जिम्मा केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई को सौंप दिया है। सीबीआई इस बात की पड़ताल करेगी कि पेपर लीक की साजिश के पीछे कौन लोग शामिल हैं। एनटीए ने भरोसा दिलाया है कि वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे और सभी जरूरी रिकॉर्ड और सबूत सीबीआई को उपलब्ध कराएंगे।

कैसे लीक हुआ पेपर

Neet exam cancel: पेपर लीक होने की खबरें परीक्षा के कुछ दिन बाद ही सामने आने लगी थीं। राजस्थान पुलिस को मिली शिकायत के बाद पता चला कि गेस पेपर के जरिए सवाल लीक किए गए थे। बताया जा रहा है कि बायोलॉजी के 90 और केमिस्ट्री के 35 सवाल हूबहू पेपर से मिल रहे थे। अब सीबीआई के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना है कि इस साजिश का मास्टरमाइंड कौन है, यह गेस पेपर कहां तैयार हुआ और इसे कितने छात्रों को लाखों रुपयों में बेचा गया।

 

यह भी पढ़ें: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द, 22 लाख छात्रों को दोबारा देना होगा एग्जाम

Related Articles

Back to top button