एक साल के बच्चे ने निगली जिंदा मछली, डॉक्टरों ने बचाई जान

इंदौर में हैरान करने वाली घटना, बच्चे ने निगली जिंदा मछली गले में फंसी मछली से सांस लेने में हुई दिक्कत, तुरंत पहुंचाया अस्पताल डॉक्टरों की सूझबूझ से सफल ऑपरेशन, बच्चे को मिली नई जिंदगी

Mp news: इंदौर के एमवाय अस्पताल से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साल के बच्चे ने करीब 3 इंच लंबी जिंदा मछली निगल ली। समय रहते डॉक्टरों की टीम ने जटिल ऑपरेशन कर बच्चे की जान बचा ली।

 

एक्वेरियम की सफाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बच्चे के बड़े भाई-बहन घर में रखे एक्वेरियम की सफाई कर रहे थे और सजावटी मछलियों के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान एक मछली अचानक उछली और पास में खेल रहे एक साल के बच्चे के मुंह में चली गई। बच्चा उस समय हंस रहा था, जिससे मछली सीधे उसके गले में फंस गई।

 

Mp news: गले में फंसी मछली, सांस लेने में होने लगी दिक्कत

परिजन घबराकर तुरंत बच्चे को शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि मछली जिंदा थी और गले में फंसी होने के कारण तेजी से फड़फड़ा रही थी। इससे बच्चे के गले में चोट लग गई थी और खून भी निकल रहा था। साथ ही उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी।

Mp news: आधे घंटे की सर्जरी से निकाली गई मछली

ईएनटी विभाग की अध्यक्ष डॉ. यामिनी गुप्ता और उनकी टीम ने बिना देरी किए ऑपरेशन का फैसला लिया। करीब आधे घंटे चली जटिल सर्जरी के बाद मछली को बच्चे के गले से बाहर निकाला गया। ऑपरेशन के बाद कुछ दिनों तक बच्चे को निगरानी में रखा गया और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है।

 

डॉक्टरों की चेतावनी: बच्चों के लिए बेहद खतरनाक

Mp news: डॉक्टरों का कहना है कि छोटे बच्चों के गले में किसी भी चीज का फंसना बेहद खतरनाक हो सकता है, क्योंकि उनकी सांस की नली बहुत संकरी होती है। इस तरह की घटनाएं जानलेवा भी साबित हो सकती हैं, इसलिए बच्चों के आसपास खास सावधानी बरतना जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 33 अधिकारियों के तबादले

Related Articles

Back to top button