Medical negligence: बेंगलुरु में 6 महीने के मासूम की उंगली कटी, तीन स्टाफ पर FIR

बेंगलुरु के निजी अस्पताल में बड़ी लापरवाही सामने आई। ड्रेसिंग काटते समय 6 महीने के मासूम की उंगली कटी। माता-पिता की शिकायत पर तीन स्टाफ पर FIR दर्ज।

Medical negligence: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी अस्पताल की लापरवाही ने 6 महीने के मासूम बच्चे की जिंदगी पर गहरा असर डाल दिया। स्टाफ की गलती के कारण बच्चे की उंगली का एक हिस्सा कट गया। मामले में पुलिस ने अस्पताल के तीन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

कैसे हुआ यह हादसा?

परिजनों के मुताबिक, बच्चे को 19 फरवरी को तेज बुखार होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसके हाथ में ड्रिप लगी हुई थी। मंगलवार को जब मेडिकल स्टाफ ड्रिप और ड्रेसिंग हटाने पहुंचा, उसी दौरान यह भयावह घटना हो गई।ड्रेसिंग की पट्टी काटते समय स्टाफ ने लापरवाही बरती और कैंची सीधे बच्चे के बाएं हाथ की उंगली पर चल गई। इससे उंगली का एक हिस्सा कटकर अलग हो गया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।

 

ICU में चल रहा इलाज

उंगली कटते ही बच्चा दर्द से जोर-जोर से रोने लगा और काफी खून बहने लगा। तुरंत उसे ICU में शिफ्ट किया गया। फिलहाल डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत स्थिर है, लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

माता-पिता की शिकायत पर कार्रवाई

बच्चे के माता-पिता ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने तीन स्टाफ सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह घटना एक बार फिर निजी अस्पतालों में लापरवाही और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Related Articles

Back to top button