Leonardo Storm: स्पेन और पुर्तगाल में मची तबाही, शहर जलमग्न, हजारों लोग बेघर
Leonardo तूफान से स्पेन और पुर्तगाल में भारी तबाही, हजारों लोग घर छोड़ने को मजबूर बाढ़ और भूस्खलन से सड़कें बंद, एक की मौत, एक लड़की लापता मौसम विभाग ने दी चेतावनी, सप्ताह के अंत में फिर आ सकता है खतरनाक तूफान

TSunami: लियोनार्डो (Leonardo) नाम के भीषण तूफान ने स्पेन और पुर्तगाल में भारी तबाही मचा दी है। कई शहर पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, जबकि कई इलाकों में अब भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी है। यह तूफान गुरुवार को स्पेन और पुर्तगाल के कई हिस्सों से टकराया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दक्षिणी स्पेन के अंडालूसिया क्षेत्र में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां करीब 4,000 लोगों को एहतियातन अपने घर खाली करने पड़े। बाढ़ और भूस्खलन की वजह से दर्जनों सड़कें बंद कर दी गई हैं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
फिर आने वाला है एक और खतरनाक तूफान
आइबेरियन प्रायद्वीप में तेज बारिश और तूफानी हवाओं के चलते पुर्तगाल में बाढ़ की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं स्पेन में उफनती नदी में बह जाने के बाद एक लड़की लापता बताई जा रही है। स्पेन की मौसम एजेंसी ने दक्षिणी इलाकों में जारी हाई अलर्ट को फिलहाल हटा लिया है, लेकिन चेतावनी दी है कि सप्ताह के अंत तक एक और तूफान दस्तक दे सकता है।
बाढ़ में डूबी कार, गई जान
लियोनार्डो हाल के हफ्तों में स्पेन और पुर्तगाल को प्रभावित करने वाले कई तूफानों में से एक है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, दक्षिणी पुर्तगाल में बुधवार रात एक व्यक्ति की कार बाढ़ के पानी में फंस गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
दो मीटर तक भर गया पानी
लिस्बन से करीब 90 किलोमीटर दूर स्थित अल्कासेर डो साल शहर में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। साडो नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण शहर के कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं। कुछ स्थानों पर पानी की ऊंचाई दो मीटर तक पहुंच गई है।
नदी में गिरी लड़की, तलाश जारी
आने वाले दिनों में पुर्तगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। अधिकारियों के मुताबिक, जनवरी के अंत में आए एक तूफान ने भी देश में भारी तबाही मचाई थी और कई लोगों की जान गई थी। वहीं दक्षिणी स्पेन के मलागा प्रांत में प्रशासन उस लड़की की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रहा है, जो बुधवार को अपने कुत्ते को बचाने की कोशिश में तुरविला नदी में गिर गई थी।



