झारखंड : 17 वर्षीय किशोरी के पेट से निकला 7 किलो बाल

बोकारो के सर्जन डॉ. जीएन साहू ने को सर्जरी कर 17 वर्षीय किशोरी के पेट से सात किलो बाल का गोला निकाला है। बाल का गोला निकालने के बाद से किशोरी की हालत ठीक है और अगले दो से तीन दिनों में उसे अस्पताल से छुट्टी भी मिल जाएगी। हालांकि पेट से बाल का गोला मिलने की कहानी भी अजीब है। चास भोजपुर कॉलोनी की स्वीटी कुमारी को बचपन में बाल खाने की आदत पड़ गई थी। अक्सर अपने बाल को झाड़ने के बाद वह उसे खा लेती थी। बीते पांच वर्ष से उसने यह बुरी आदत छोड़ दी थी, लेकिन पेट में गया बाल एक स्थान पर एकत्रित हो गया था। धीरे-धीरे वह एक गोला बन गया। इस बीच किशोरी को उल्टी व गैस की समस्या होने लगी। तीन दिन पूर्व वह बीजीएच के सेवानिवृत्त सर्जन डॉ. जीएन साहू से मिली।

डॉ. साहू ने किशोरी को देखने के बाद उसका अल्ट्रासाउंड कराया। इसमें उसके पेट में ट्यूमर का संदेह हुआ। सोमवार को किशोरी का ऑपरेशन एक निजी अस्पताल में किया गया। इसमें ऑपरेशन के दौरान उसके पेट से बाल का गोला मिला। उसका वजन लगभग सात किलोग्राम बताया जा रहा है।

डॉ. जीएन साहू का कहना है कि अपने 40 वर्ष के चिकित्सीय जीवन में अब तक एक भी ऐसा मामला नहीं देखा। हालांकि किशोरी का कहना है कि बीते पांच वर्ष से उसने बाल नहीं खाया है। पहले बचपन में खाती होगी, जो उसे याद नहीं है। पर बिना खाए ऐसा नहीं होगा। वह बचपन में खाती होगी जो धीरे-धीरे उसके पेट में जमा हो गया। एकत्रित होने के कारण उसका वजन भी बढ़ गया। अब वह बिल्कुल स्वस्थ्य है। दो से तीन दिनों में उसे छुट्टी मिल जाएगी।

Related Articles

Back to top button