जापानी अरबपति को चाँद पर जाने के लिए चाहिए गर्लफ्रेंड, 17 जनवरी तक दे सकती हैं आवेदन !

अक्सर प्रेमियों को अपनी प्रेमिकाओं के लिए कभी चाँद तारे तोड़ने के वादे, तो कभी उन्हें चाँद पर ले जाने के वादे करते सुना होगा। लेकिन अब ये हकीकत बनने जा रहा है। जापान के रहने वाले एक पुरुष ने अपनी गर्लफ्रेंड को साथ चाँद की सैर कराने की घोषणा की है। हालाँकि इससे पहले उन्होंने अपने लिए गर्लफ्रेंड की खोज की भी घोषणा की है।

जापान के अरबपति युसाका मैजवा ने चाँद पर साथ जाने के लिए गर्लफ्रेंड की इच्छा जाहिर की है। दरअसल, कुछ समय पहले मैजवा ने ऑनलाइन फैशन रिटेल जोजो इन्क सॉफ्टबैंक ग्रुप को बेच दिया। इसके बाद उन्होंने स्पेसएक्स रॉकेट के जरिए चांद पर जाने की योजना बनाई है। और चाँद पर साथ जाने के लिए युसाका 20 साल से अधिक उम्र की गर्लफ्रेंड तलाश रहे हैं।

इसके लिए 44 वर्षीय युसाका ने वेबसाइट पर लिखा है कि ‘जैसे अकेलापन और खालीपन धीरे-धीरे मेरे भीतर बढ़ रहा है, मैं एक चीज के बारे में सोच रहा हूं। और वो है- एक महिला को प्यार करना।’ उन्होंने लिखा कि गर्लफ्रेंड के रूप में उन्हें एक जीवनसाथी की तलाश है। उन्होंने आगे कहा है कि वे आउटर स्पेस से अपने प्यार और वैश्विक शांति के लिए अपील करना चाहते हैं।

https://www.instagram.com/p/BnjNNGxnpy1/?utm_source=ig_embed&utm_campaign=loading

गौरतलब है कि युसाका ने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। इनमे मुख्य शर्त है कि लड़की की रुचि अंतरिक्ष में होनी चाहिए। साथ ही उसके विचार वैश्विक शान्ति के पक्ष में होने चाहिए। इसके अलावा उसे चाँद पर जाने की तैयारियों में भी हिस्सा लेना होगा। उन्होंने सभी वेकेंसियों की तरह गर्लफ्रेंड के लिए आवेदन डालने को कहा है। लड़कियां 17 जनवरी तक गर्लफ्रेंड के लिए आवेदन दे सकती हैं। युसाका मार्च के अंत तक गर्लफ्रेंड का नाम घोषित करेंगे।

बता दें कि युसाका चाँद पर जाने वाले पहले प्राइवेट पैसेंजर होंगे। वे अमेरिकी अरबपति एलन मस्क के स्पेसएक्स रॉकेट के जरिए चाँद पर जायेंगे। उनकी यह यात्रा 2022 में संभावित है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में युसाका का अपनी 27 साल की एक्ट्रेस गर्लफ्रेंड अयमे गोरिकी से ब्रेकअप हुआ है। इसके बाद से युसाका नै गर्लफ्रेंड की तलाश में हैं।

अरबपति युसाका मैजवा द्वारा नई गर्लफ्रेंड ढूंढने की इस एक्टिविटी को जापान के एक कार्यक्रम में भी दिखाया जाएगा। इस कार्यक्रम का नाम फुल मून लवर्स होगा। बता दें कि युसाका इससे पहले भी कई बार सुर्ख़ियों में आ चुके हैं। हालाँकि दुनियाभर में उनकी चर्चा होने लगी थी, जब उन्होंने जापान में मूल आमदनी के आईडिया पर डिबेट के दौरान अपने ट्विटर फॉलोअर्स को 63 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी।

Related Articles

Back to top button