एक ही साल में 2 बार जुड़वाँ बच्चे करने पर बोली महिला, ग्रैंडमदर का तोहफा !

असाधारण गर्भ के मामले कई बार सामने आते हैं, लेकिन हाल ही में एक हैरतअंगेज़ कर देने वाला मामला सामने आया है। फ्लोरिडा में रहने वाली एक महिला ने एक ही साल में दो बार बच्चों को जन्म दिया। दोनों बार महिला ने जुड़वाँ बच्चों को जन्म दिया था। साल 2019 में इस महिला ने पहले मार्च में दो बच्चों को जन्म दिया, और फिर दिसंबर में भी जुड़वाँ बच्चों को जन्म दिया।

फ्लोरिडा निवासी एलेक्सजैंड्रिया वोलिस्टन ने जब एक ही साल में दूसरी बार जुड़वाँ बच्चों को जन्म दिया तो वे बेहद खुश दिखी। उन्होंने बताया कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे उन्हें दो बार इनाम मिल गया हो। उन्होंने बताया कि उन्हें इससे पहले तक मालूम नहीं था कि उनके परिवार में जुड़वाँ बच्चे होना अनुवांशिक है।

उन्होंने कहा कि शुरुआत में जुड़वां बच्चों को जन्म देने को लेकर वह काफी नर्वस थीं। उन्हें डर था कि क्या उनका शरीर दो बच्चों को संभाल पाएगा। लेकिन बाद में सब ठीक हो गया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी ग्रैंडमदर ने भी दो बार जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। लेकिन जन्म के बाद उन बच्चों की मृत्यु हो गई थी। वोलिस्टन के अनुसार उनकी ग्रैंडमदर ने उन्हें अपने बच्चे तोहफे में दिए हैं।

गौरतलब है कि मार्च में जुड़वां बच्चों(मार्क और मलाखी) को जन्म देने के बाद एलेक्सेंड्रिया मई में फिर से गर्भवती हो गई थी। इस बार भी डॉक्टर ने उन्हें जुड़वां बच्चों की संभावना जताई। दोनों बच्चे(केलेन और केलेब) प्रीमैच्योर(8 महीने में) स्थिति में पैदा हुए। बच्चों को लेकर उन्होंने बताया कि फिलहाल चारों बच्चे ठीक हैं। नवजात में से एक को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है, जबकि दूसरे को भी जल्दी ही घर भेज दिया जायेगा।

एक साल में 4 बच्चों को जन्म देने के बाद वोलिस्टन कुल 5 बच्चों की माँ बन गयी हैं। एलेक्सेंड्रिया ने कहा कि उनकी पहले से एक बेटी थी। इसलिए अब उन्हें 5 बच्चों की देखभाल करनी होगी। बता दें कि अमेरिका के सरकारी आंकड़ों के अनुसार, औसतन एक हजार डिलिवरी में तकरीबन 36 जुड़वां बच्चों के होने की संभावना होती है।

Related Articles

Back to top button