इजरायल ने हिजबुल्लाह के 250 आतंकियों को मार गिराने का किया दावा
सीजफायर के बीच इजरायल का लेबनान पर बड़ा हमला, 250 आतंकियों को ढेर करने का दावा बेरूत में इजरायली एयरस्ट्राइक से मची तबाही, युद्धविराम के बावजूद नहीं थम रहा खूनी संघर्ष दक्षिणी लेबनान में आईडीएफ का ऑपरेशन जारी, हिजबुल्लाह के कमांड सेंटरों को किया गया तबाह

Israel attack: लेबनान में सीजफायर की घोषणा के बावजूद इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इजरायली सेना (आईडीएफ) ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के करीब 250 आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। सेना का कहना है कि यह कार्रवाई युद्धविराम लागू होने के बाद की गई है, क्योंकि ये आतंकी इजरायली नागरिकों और सैनिकों की सुरक्षा के लिए सीधा खतरा पैदा कर रहे थे।
हिजबुल्लाह के ठिकानों पर भारी प्रहार
इजरायली सेना ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा की है कि दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ उनके ऑपरेशन लगातार जारी हैं। सेना के मुताबिक, अब तक चलाए गए अभियानों में 220 से ज्यादा लड़ाकों के साथ-साथ कई अहम कमांडरों को भी खत्म किया जा चुका है। इन हमलों में न सिर्फ आतंकियों को निशाना बनाया गया, बल्कि हिजबुल्लाह के कमांड सेंटरों और महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को भी हवाई हमलों के जरिए पूरी तरह मलबे में तब्दील कर दिया गया है।
Israel attack: बेरूत की धरती पर फिर बरसे गोले
सीजफायर के समझौतों के बीच गुरुवार को लेबनान की राजधानी बेरूत एक बार फिर धमाकों से दहल उठी। इजरायली लड़ाकू विमानों ने बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहिएह समेत कई इलाकों में ताजा एयरस्ट्राइक की। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की है कि दहिएह में हुए इस हमले में 2 लोगों की जान चली गई है, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन हमलों ने युद्धविराम की स्थिरता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
बेअसर साबित हो रहा युद्धविराम
Israel attack: हकीकत यह है कि सीजफायर के कागजी दावों के बाद भी जमीन पर हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर उल्लंघन के आरोप लगाए जा रहे हैं। जहां इजरायल का कहना है कि वह अपनी सुरक्षा और आत्मरक्षा के लिए किसी भी खतरे को खत्म करने की कार्रवाई जारी रखेगा, वहीं लेबनान इन हमलों को शांति समझौते का खुला उल्लंघन और उकसावे वाली कार्रवाई बता रहा है। मध्य पूर्व में छिड़ी इस जंग और बढ़ते तनाव ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के पीए की सरेआम हत्या, क्या फिर सुलग उठा है पश्चिम बंगाल?



