Islamabad Blast News: इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में आत्मघाती हमला, 15 की मौत, 80 घायल

जुमे की नमाज़ के दौरान इमाम बारगाह में हुआ आत्मघाती हमला शिया समुदाय को बनाया गया निशाना, मस्जिद के गेट पर खुद को उड़ाया इस्लामाबाद के अस्पतालों में इमरजेंसी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Pakistan news: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक बड़ा आत्मघाती आतंकी हमला हुआ है। शुक्रवार की नमाज़ के दौरान शहजाद टाउन इलाके में स्थित इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा मस्जिद को निशाना बनाया गया। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद मस्जिद के अंदर का मंजर बेहद डरावना है। हर तरफ खून से लथपथ लोग ज़मीन पर पड़े दिखे, मौके पर अफरातफरी मच गई।

 

जुमे की नमाज़ के दौरान हुआ धमाका

यह विस्फोट टेरलाई इलाके की इमाम बारगाह में उस वक्त हुआ, जब बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज़ अदा कर रहे थे। आत्मघाती हमलावर मस्जिद में घुसते ही एंट्री गेट के पास खुद को उड़ा लिया। पहले मरने वालों की संख्या 5 बताई गई थी, जो अब बढ़कर 15 हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

 

शिया समुदाय को बनाया गया निशाना

इस हमले में खासतौर पर शिया समुदाय को निशाना बनाया गया है। धमाके के बाद मस्जिद और आसपास के इलाके को पूरी तरह घेर लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालात को देखते हुए पूरे इस्लामाबाद में आपातकाल जैसे हालात बना दिए गए हैं।

 

अस्पतालों में इमरजेंसी लागू

ब्लास्ट के बाद इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों, पॉलीक्लिनिक अस्पताल, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल, में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। डॉन से बात करते हुए अस्पताल प्रशासन ने बताया कि, इमरजेंसी वार्ड, ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी विभाग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। घायलों को लगातार अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

 

गेट पर रोका गया हमलावर, फिर किया धमाका

द टाइम्स ऑफ इस्लामाबाद के अनुसार, सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हमलावर को मस्जिद के एंट्री गेट पर ही रोक लिया गया था, जिस वजह से वह मुख्य हॉल तक नहीं पहुंच सका। हालांकि इसके बावजूद धमाका इतना जोरदार था कि गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं और मलबा सड़क तक फैल गया।

 

3 महीने में दूसरा आत्मघाती हमला

गौरतलब है कि यह इस्लामाबाद में 3 महीने के भीतर दूसरा आत्मघाती हमला है। इससे पहले 11 नवंबर 2025 को जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर हुए आत्मघाती विस्फोट में 12 लोगों की मौत हुई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

Related Articles

Back to top button