चेन्नई में बर्ड फ्लू का अलर्ट, सैकड़ों कौओं की मौत से हड़कंप
चेन्नई में सैकड़ों कौओं की मौत, लैब जांच में H5N1 बर्ड फ्लू की पुष्टि प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, मृत पक्षियों को हाथ न लगाने की अपील बिहार के कई जिलों में भी बर्ड फ्लू के मामले, पॉल्ट्री फार्म अलर्ट पर

Tamilnadu news: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में सैकड़ों कौवे मरे हुए पाए गए हैं। लैब जांच में इन सभी की मौत की वजह H5N1 वायरस यानी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
बर्ड फ्लू के फैलाव को रोकने के लिए आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि कौवों और पोल्ट्री से जुड़े सभी मृत पक्षियों के शवों को बायोसिक्योरिटी प्रोटोकॉल के तहत या तो जलाया जाए या फिर गहरे गड्ढे में दफनाया जाए। इसके साथ ही प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने और पक्षियों की आवाजाही पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लोगों से की गई ये अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कहीं भी पक्षियों की असामान्य मौत दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें। मृत पक्षियों या जानवरों को हाथ से न छुएं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संक्रमित पक्षियों के शवों को कम से कम 8 फीट गहरे गड्ढे में सुरक्षित तरीके से दफनाया जाए ताकि संक्रमण फैलने का खतरा न रहे।
क्या है H5N1 वायरस?
H5N1 इन्फ्लूएंजा A वायरस का एक खतरनाक स्ट्रेन है, जो मुख्य रूप से पक्षियों को संक्रमित करता है। इसे आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है। यह वायरस खासतौर पर पोल्ट्री और जंगली पक्षियों में तेजी से फैलता है। हालांकि इसका असर मुख्य रूप से पक्षियों पर होता है, लेकिन कुछ मामलों में यह इंसानों और अन्य जानवरों को भी संक्रमित कर सकता है।
कितना खतरनाक है बर्ड फ्लू?
H5N1 वायरस को बेहद गंभीर माना जाता है। पक्षियों में यह तेजी से फैलता है और बड़ी संख्या में मौतों का कारण बन सकता है। इंसानों में इसके संक्रमण के मामले कम हैं, लेकिन जब होते हैं तो स्थिति गंभीर हो सकती है। कई मामलों में निमोनिया जैसी गंभीर सांस संबंधी बीमारियां देखी गई हैं।
बिहार में भी मिले बर्ड फ्लू के मामले
बर्ड फ्लू के मामले बिहार में भी सामने आए हैं। भागलपुर और दरभंगा में सैकड़ों कौओं की मौत की पुष्टि हुई है। कटिहार के कुरसेला प्रखंड के उत्तरी मुरादपुर पंचायत इलाके में 100 से ज्यादा कौवे मरे पाए गए थे। वहीं, नवगछिया इलाके में भी बड़ी संख्या में कौए मृत मिले हैं। इन इलाकों में भी जांच के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है, जिसके चलते प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और पॉल्ट्री फार्म को अलर्ट पर रखा गया है।



