Iran War: मिनाब स्कूल की 165 बच्चियों को दी गई अंतिम विदाई, तस्वीरों ने झकझोरा दुनिया को
मिनाब स्कूल हमले में 165 बच्चियों को दी गई अंतिम विदाई जेसीबी से खोदी गई कब्रों की तस्वीरों ने झकझोरा दुनिया को मैरी ट्रंप और ईरान के विदेश मंत्री ने उठाए सवाल

तेहरान/मिनाबः ईरान-इजरायल-अमेरिका संघर्ष के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरी दुनिया को भावुक कर दिया है। दक्षिणी ईरान के मिनाब में स्थित एक प्राइमरी स्कूल पर हुए हमले में जान गंवाने वाली 165 मासूम बच्चियों को मंगलवार को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। बताया जा रहा है कि ये सभी बच्चियां साथ पढ़ती थीं, साथ खेलती थीं और अपने-अपने सपनों को संजो रही थीं। लेकिन शनिवार को हुए हमले ने उनकी जिंदगी हमेशा के लिए छीन ली। अंतिम संस्कार के दौरान बुलडोजर से खोदी गई 165 कब्रों में उन्हें दफनाया गया। मौके पर मौजूद हजारों लोगों की आंखें नम थीं। सामने आई तस्वीरों और वीडियो को इस जंग की सबसे दर्दनाक तस्वीरों में गिना जा रहा है।
ट्रंप की भतीजी ने उठाए सवाल
Mary L. Trump ने भी इन तस्वीरों को साझा करते हुए सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कब्रों की तस्वीर री-पोस्ट करते हुए लिखा, “मैं किसी को भी इसे सही ठहराने की चुनौती देती हूं।” वहीं, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump के नाम का जिक्र करते हुए उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से हमले की आलोचना की। उनकी पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।
ईरान के विदेश मंत्री का बयान
Abbas Araghchi ने भी इन कब्रों की तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि ये कब्रें उन 160 से अधिक मासूम लड़कियों के लिए खोदी गई हैं जो अमेरिकी-इजरायली बमबारी में एक प्राइमरी स्कूल में मारी गईं। उन्होंने कहा, “मिस्टर ट्रंप ने जिस ‘बचाव’ का वादा किया था, असल में वह ऐसा दिखता है। गाजा से लेकर मिनाब तक मासूमों की बेरहमी से हत्या की गई।”
जेसीबी से खोदी गईं कब्रें
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, कब्रों की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें हाथों से खोदना संभव नहीं था। एक ही स्थान पर कतार में 165 कब्रें खोदी गईं। ऊपर से ली गई तस्वीरों में ये छोटे-छोटे गड्ढों की तरह दिखाई दे रही हैं, लेकिन असल में ये उन बच्चियों की अंतिम विश्राम स्थली हैं। इन तस्वीरों ने दुनिया भर में गहरा आक्रोश और शोक पैदा किया है। लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं आखिर इन मासूम बच्चों का क्या कसूर था?



