UAE पर ईरान का बड़ा हमला: 165 बैलिस्टिक मिसाइल और 541 ड्रोन दागे, 3 लोगों की मौत

ईरान के हमलों से मध्य पूर्व में तनाव चरम पर UAE ने 165 बैलिस्टिक मिसाइल और 541 ड्रोन दागे जाने का दावा किया हमलों में 3 एशियाई नागरिकों की मौत, 58 लोग घायल

Iran crisis: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद मध्य पूर्व में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव और तेज हो गया है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है और वह अमेरिका व इजरायल के सहयोगी देशों को निशाना बना रहा है। मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और सहयोगी देशों पर हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसी बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बड़ा दावा किया है। यूएई के मुताबिक, बीते दो दिनों में ईरान की ओर से 165 बैलिस्टिक मिसाइलें, 2 क्रूज मिसाइलें और 541 ड्रोन दागे गए। इन हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक शामिल हैं।

UAE ने क्या जानकारी दी?

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बयान जारी कर बताया कि 28 फरवरी से अब तक दागी गई 165 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 152 को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया, जबकि 13 मिसाइलें समुद्र में जा गिरीं। इसके अलावा, ईरान की ओर से दागी गई 2 क्रूज मिसाइलों को भी मार गिराया गया। मंत्रालय के अनुसार, 541 ड्रोन में से 506 को नष्ट कर दिया गया, लेकिन 35 ड्रोन देश के अंदरूनी इलाकों में गिरे, जिससे कुछ संपत्तियों को नुकसान पहुंचा और 3 लोगों की जान चली गई। इन हमलों में मिस्र, इथियोपिया, फिलीपींस, पाकिस्तान, ईरान, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, अजरबैजान, यमन, युगांडा, इरिट्रिया, लेबनान और अफगानिस्तान के कुल 58 नागरिक घायल हुए हैं।

Iran crisis: कई इलाकों में गिरा मलबा

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि लगातार हो रहे हमलों को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय है। कई मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट किया गया, लेकिन उनका मलबा अलग-अलग रिहायशी इलाकों में गिरा, जिससे संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। मंत्रालय ने कहा कि देश हाई अलर्ट पर है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

“चुपचाप नहीं बैठेंगे”

Iran crisis: तनाव के बीच यूएई की विदेश मंत्री रीम अल हाशिमी ने CNN से बातचीत में कहा कि देश अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि हालात और न बिगड़ें, लेकिन हम चुपचाप नहीं बैठेंगे। हम पर लगातार गैर-कानूनी और गलत हमले हो रहे हैं।” मध्य पूर्व में बढ़ते इस संघर्ष ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाएंगे, इस पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button