Iran crisis: Natanz Nuclear Facility पर फिर हमला, सैटेलाइट तस्वीरों ने खोली पोल

ईरान-इजरायल की लड़ाई और भी भयंकर नतांज परमाणु केंद्र पर अमेरिका-इज़रायल का हमला सैटेलाइट तस्वीरों में तबाही के निशान साफ

Iran crisis: ईरान-इजरायल के बीच जारी जंग हर दिन और खतरनाक होती जा रही है। मिसाइलों और ड्रोन हमलों से कई शहरों में तबाही के निशान दिख रहे हैं। दोनों तरफ से हमले तेज हैं और मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। ईरान में 200 से ज्यादा लोगों की मौत के दावे के बीच अब उसके सबसे अहम परमाणु ठिकाने को भी निशाना बनाया गया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के नतांज परमाणु केंद्र पर अमेरिका-इजरायल की तरफ से हमला किया गया। कोलोराडो स्थित कमर्शियल सैटेलाइट कंपनी की तस्वीरों में साइट पर हमले के स्पष्ट निशान दिखाई दिए हैं।

 

IAEA ने नुकसान की पुष्टि की

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (International Atomic Energy Agency) ने नई सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर पुष्टि की है कि नतांज ईंधन संवर्धन संयंत्र (FEP) के प्रवेश द्वार से जुड़े कुछ भवनों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह है कि एजेंसी के मुताबिक किसी भी तरह के रेडिएशन लीक की आशंका नहीं है। मुख्य भूमिगत संयंत्र पहले ही जून में हुए हमलों में काफी क्षतिग्रस्त हो चुका था और इस बार उसे अतिरिक्त बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।

 

सटीक निशाना, एंट्री पॉइंट पर वार

1 और 2 मार्च की सैटेलाइट तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि जमीन के नीचे चल रहे यूरेनियम एनरिचमेंट प्लांट के दो एक्सेस पॉइंट को निशाना बनाया गया। इससे साफ है कि हमला बेहद सटीक तरीके से किया गया। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत रेजा नजफी ने पहले ही दावा किया था कि अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों में नतांज साइट को टारगेट किया गया। अब सामने आई तस्वीरों ने उस दावे को और मजबूत कर दिया है।

 

नतांज क्यों है इतना अहम?

नतांज ईरान का सबसे बड़ा और प्रमुख यूरेनियम संवर्धन केंद्र है, जो इस्फहान प्रांत के पास स्थित है। यहीं पर यूरेनियम को यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड में बदलकर सेंट्रीफ्यूज मशीनों के जरिए संवर्धित किया जाता है। पश्चिमी देशों और इजरायल की लंबे समय से इस साइट को लेकर चिंता रही है। यही वजह है कि पिछले साल जून में भी इस पर हमला हुआ था और अब एक बार फिर इसे निशाना बनाया गया है।

 

किसने किया हमला?

पूर्व परमाणु निरीक्षक डेविड अल्ब्राइट के अनुसार सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि हमला रविवार दोपहर से सोमवार सुबह के बीच हुआ। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि हमला सीधे तौर पर इजरायल ने किया या अमेरिका ने। फिलहाल दोनों देशों के बीच जवाबी कार्रवाई जारी है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। दुनिया की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि यह टकराव आगे किस दिशा में जाता है।

Related Articles

Back to top button