IPL को लेकर BCCI और बांग्लादेश के बीच बढ़ा विवाद, टेलीकास्ट पर लगा बैन
मुस्तफिजुर रहमान को KKR से बाहर करने पर भड़का बांग्लादेश IPL के टेलीकास्ट पर अनिश्चितकाल के लिए लगाया गया बैन T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भी भारत से बढ़ा तनाव

Bangladesh: BCCI ने हाल ही में IPL फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद KKR ने तुरंत मुस्तफिजुर को अपनी टीम से बाहर कर दिया। इस फैसले से बांग्लादेश काफी नाराज है और अब उसने बड़ा कदम उठाया है। बांग्लादेश सरकार ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के टेलीकास्ट पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी है। इस फैसले से बांग्लादेश के उन लाखों क्रिकेट फैंस को बड़ा झटका लगा है, जो IPL को लेकर काफी उत्साहित रहते हैं। गौरतलब है कि KKR ने पिछले महीने अबूधाबी में हुए मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।
सूचना मंत्रालय ने चैनलों को दिया आदेश
बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने 5 जनवरी को सभी टेलीविजन चैनलों को IPL का प्रसारण तुरंत बंद करने का निर्देश दिया। यह आदेश एक आधिकारिक पत्र के जरिए जारी किया गया। पत्र में कहा गया कि BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को आगामी IPL सीजन के लिए KKR से बाहर करने का फैसला लिया, लेकिन इसके पीछे कोई ठोस वजह नहीं बताई गई। मंत्रालय के मुताबिक, इस फैसले से बांग्लादेशी जनता आहत है और देशभर में नाराजगी का माहौल है। इसी को देखते हुए सरकार ने अगले आदेश तक IPL से जुड़े सभी मैचों और कार्यक्रमों के प्रसारण पर रोक लगाने का फैसला किया है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भी कड़ा रुख
IPL विवाद से पहले ही बांग्लादेश भारत को लेकर सख्त रुख अपना चुका है। बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत न जाने का आधिकारिक फैसला लिया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC को पत्र लिखकर अपने सभी मैच भारत से बाहर श्रीलंका में कराने की मांग की है। दरअसल, बांग्लादेश को वर्ल्ड कप के लीग स्टेज में पहले तीन मैच कोलकाता और चौथा मैच मुंबई में खेलना था, लेकिन अब इसे लेकर भी अनिश्चितता बन गई है।
राजनीतिक तनाव ने बढ़ाई दूरियां
भारत और बांग्लादेश के रिश्ते पिछले कुछ समय से तनावपूर्ण हैं। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के संबंध और बिगड़े हैं। अगस्त में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना भारत आ गई थीं, जिसके बाद बांग्लादेश में भारत विरोधी प्रदर्शन भी देखने को मिले। इन तमाम घटनाओं के बीच IPL टेलीकास्ट पर लगाया गया बैन भारत-बांग्लादेश रिश्तों में आई खटास का नया संकेत माना जा रहा है।



