बर्बरता की शिकार हुई डॉ प्रियंका रेड्डी की बहन से पुलिस ने कहा, ‘हमारे पुलिस स्टेशन का मामला नही’

हैदराबाद में डॉ प्रियंका रेड्डी के साथ हुई बर्बरता ने देश भर को हिला कर रख दिया है। इस मामले में पीड़िता डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत से जहां देशभर के लोग शर्मिंदा हैं, वहीं पीड़िता के परिवार ने इस मामले में पुलिस के रुख पर भी बड़े सवाल खड़े किए हैं। परिवार के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस ने रिपोर्ट लिखने में देरी की। उनका आरोप है कि पुलिस ने ये कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की कि ये मामला उनके थाने का नहीं है।

पीड़िता की बहन ने बताया कि, ‘मां के कहने पर मैं उसे देखने के लिए टोल प्लाजा पर गईं। वो वहां नहीं मिली। मैंने पुलिस को कॉल किया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखी। टोल प्लाजा पर पहुंचते हुए उसे देखा गया। लेकिन बाद का फुटेज उसमें नहीं था। इस बीच पुलिस ने कहा कि ये उनके पुलिस स्टेशन का मामला नहीं है। वो इलाका किसी दूसरे थाने के अंदर आता है। वहां पहुंचते-पहुंचते रात के साढ़े तीन बज गए थे। मैं घर लौट आई और मेरे पापा दो सिपाहियों के साथ मेरी बहन की तलाश करते रहे। साढ़े पांच बजे वो वापस आ गए।’ इस मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

…पुलिस मामले की जांच कर रही है!

बता दें कि इस घटना को लेकर जहाँ पूरा देश गुस्से से भरा है, वहीँ तेलंगाना के एक मंत्री ने ये कहकर विवाद पैदा कर दिया कि महिला को अपनी बहन की जगह पुलिस को फोन करना चाहिए था। हालांकि, अली के करीबी सूत्रों ने कहा कि मंत्री सिर्फ यह कहना चाह रहे थे कि पुलिस को सूचित करने से उसकी मदद हो सकती थी। इसके बाद अली ने डॉक्टर के माता-पिता से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि अपराधियों को कड़ी सजा दी जाएगी। अली ने कहा, ‘ये लड़की मेरी बेटी जैसी है। मुझे घटना पर दुख है… पुलिस मामले की जांच कर रही है।’

कितनो के साथ हुई दरिंदगी

गौरतलब है कि महिला डॉक्टर प्रियंका रेड्डी गुरुवार रात से गुमशुदा थी। शुक्रवार सुबह हैदराबाद के बाहरी इलाके शादनगर के अंडरपास के पास उनकी जली हुई लाश मिली। डॉक्टरो ने बताया कि उनके साथ सामूहिक बलात्कार कर, पेट्रोल छिड़क कर उन्हें ज़िंदा जला दिया गया। इस दरिंदगी ने गुस्साए लोग प्रियंका को न्याय दिलाने के लिए सोशल मीडिया पर कई ग्रुप कैंपेन चला रहे हैं। बता दें कि प्रियंका रेड्डी के बाद शुक्रवार को ही पुलिस ने इसी तरह एक और औरत की जाली हुई लाश बरामद की थी।

इस मामले पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि वह तेलंगाना सरकार के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि महिला की हत्या में शामिल सभी लोग पकड़े जाएं और उन्हें सजा दी जा सके। उन्होंने संसद के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘गृह मंत्रालय सभी राज्यों को एक परामर्श भेजेगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा सकें।’ वहीँ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा, ‘मैं महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और उनकी हत्या की जघन्य घटना से स्तब्ध हूं। कोई व्यक्ति किसी दूसरे व्यक्ति के साथ इस तरह की हिंसा कैसे कर सकता है। यह अकल्पनीय है।’

Related Articles

Back to top button