समाज-सेवा, खेल, विज्ञान और संगीत के क्षेत्र में दिया जाएगा ग्वालियर गौरव सम्मान

अटल जी को प्रिय व्यंजन के स्टॉल लगेंगे ग्वालियर गौरव उत्सव में. 25 दिसम्बर को होने वाले ग्वालियर गौरव दिवस पर शाम 7:45 बजे शहर में एक साथ दीप जला कर दीपोत्सव मनाया जाएगा।

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अटल जी के जन्म-दिवस पर ग्वालियर का गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इसे उत्सव की तरह गरिमामय रूप में मनाया जाये। मुख्यमंत्री श्री चौहान निवास कार्यालय से ग्वालियर गौरव दिवस की तैयारियों संबंधी वर्चुअल बैठक को संबोधित कर रहे थे।

ग्वालियर कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि ग्वालियर के गौरव दिवस पर अटल जी को प्रिय व्यंजनों के स्टॉल विशेष रूप से लगाए जाएंगे। गौरव दिवस पर समाज-सेवा, खेल, संगीत और विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए चार विशिष्ट व्यक्तियों को ग्वालियर गौरव सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 दिसम्बर को होने वाले ग्वालियर गौरव दिवस पर शाम 7:45 बजे शहर में एक साथ दीप जला कर दीपोत्सव मनाया जाएगा। सभी नगरवासी उत्सव का आनंद ले सकें, इस उद्देश्य से यूट्यूब पर भी इसका प्रसारण होगा। ग्वालिवर के निकटवर्ती ग्राम और कस्बों से आने वाले लोगों के लिए बसों की व्यवस्था भी की जा रही है।

इसके साथ ही एक बैठक में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सीहोर जिले के सलकनपुर में एक विशाल देवी लोक बनेगा, जो देश का अभूतपूर्व देवी लोक होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों को सलकनपुर मंदिर कोरिडोर का डीपीआर तैयार कर अप्रैल 2023 से काम शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नवरात्रि पर भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में भी निर्देशित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास पर विंध्यवासनी विजयासन माता मंदिर, सलकनपुर के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन श्री शिव शेखर शुक्ला,संभागायुक्त और कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सलकनपुर मंदिर कोरिडोर के विकास कार्यों की प्रजेंटेशन के माध्यम से अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सलकनपुर में देश का भव्य और अनूठा देवी लोक बनाया जाए। श्रद्धालुओं को दर्शन करने की सभी सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि आवागमन का रास्ता अच्छा हो। मजबूत और शक्तिशाली रोप-वे का निर्माण किया जाए जिससे श्रद्धालु नीचे वाहन पार्क करके रोप-वे से मंदिर में जा सकें। मंदिर में पैदल जाने की व्यवस्था भी बेहतर हो। सलकनपुर देवी लोक के निर्माण कार्य प्राथमिकतानुसार पूरे किए जाएं।

Related Articles

Back to top button