गुना : पारिवारिक विवाद में हुई आगजनी, 9 लोग झुलसे एक बच्चे की हालत गंभीर

गुना। जिले के राघौगढ़ थाना अंतर्गत बीती रात पारिवारिक विवाद में हुई आगजनी में एक 5 वर्ष के बच्चे सहित 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राघौगढ़ थाना प्रभारी मैदान मोहन मालवीय ने बताया कि मंगलवार रात्रि को ग्राम बिदौरिया निवासी जितेंद्र केवट और जामनेर थाने के अंतर्गत ग्राम मंशाखेड़ी निवासी उसकी पत्नी गोलू केवट के बीच कुछ समय से झगड़ा चल रहा था। गोलू केवट के परिजन उसके पति को समझने के लिए बिदौरिया गांव आये हुए थे। इसी दौरान दोनों परिवारों में कहासुनी हुई और अचानक से किसी तरफ से पेट्रोल फेंककर आग लगा दी गयी। इस आगजनी में महिला के पति जितेंद्र के परिवार के 9 लोग झुलस गए। इसमे 5 वर्ष का एक बच्चा भी बुरी तरह झुलस गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे सहित एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आग कैसे लगी, ये अभी साफ नहीं हो पाया है। जांच जारी है, उसके बाद चीजें साफ हो पायेगी। घायलों में बंटी पुत्र नन्नूलाल, शांतिबाई पत्नी मिश्रीलाल, जितेन्द्र पुत्र राजेन्द्र, धर्मेन्द्र पुत्र बंटी सहित अन्य लोग शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button