Greece Oldest Wooden Tools: ग्रीस में मिले अब तक के सबसे पुराने लकड़ी के औजार

ग्रीस में प्राचीन झील के किनारे मिले 4.3 लाख साल पुराने लकड़ी के औजार मिट्टी खोदने और पत्थर के औजार तराशने में होता था इस्तेमाल शुरुआती मानव तकनीक और बुद्धिमत्ता को समझने में अहम खोज

Greece news: ग्रीस के मेगालोपोलिस बेसिन में एक प्राचीन झील के किनारे वैज्ञानिकों को लकड़ी के दो ऐसे औजार मिले हैं, जिन्हें अब तक खोजे गए सबसे पुराने लकड़ी के औजार माना जा रहा है। शोधकर्ताओं के अनुसार इनकी उम्र करीब 4 लाख 30 हजार साल है।

 

क्या हैं ये औजार?

इनमें से पहला औजार एक पतली लकड़ी की छड़ी है, जिसकी लंबाई लगभग 80 सेंटीमीटर (करीब 2.5 फीट) है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसका इस्तेमाल संभवतः कीचड़ या मिट्टी खोदने के लिए किया जाता था। दूसरा औजार विलो या पॉपलर की लकड़ी से बना एक छोटा हैंडहेल्ड टुकड़ा है। इसे लेकर अनुमान है कि इसका उपयोग पत्थर के औजारों को आकार देने या तेज करने में किया जाता होगा।

 

रिसर्च में क्या कहा गया?

इस अहम खोज की जानकारी PNAS (Proceedings of the National Academy of Sciences) जर्नल में सोमवार को प्रकाशित एक रिसर्च पेपर में दी गई है।

 

लकड़ी के औजार क्यों हैं खास?

आमतौर पर लकड़ी जल्दी सड़-गल जाती है, इसलिए प्राचीन लकड़ी के औजार बहुत कम मिलते हैं। ये सिर्फ खास परिस्थितियों में ही सुरक्षित रह पाते हैं, जैसे बर्फीले इलाके, गुफाएं या पानी के नीचे। मेगालोपोलिस की इस साइट पर औजार तलछट में जल्दी दब गए, और गीले वातावरण की वजह से हजारों साल तक सुरक्षित बने रहे।

 

पहले भी मिल चुकी हैं अहम खोजें

इस इलाके से पहले भी कई महत्वपूर्ण सबूत मिल चुके हैं, जिनमें, पत्थर के औजार, हाथियों की हड्डियां, जिन पर काटने के निशान पाए गए। हालांकि इन लकड़ी के औजारों की उम्र सीधे तौर पर मापी नहीं गई है, लेकिन साइट की अनुमानित उम्र 4.3 लाख साल होने के कारण इन्हें भी उसी दौर का माना जा रहा है।

 

मानव अवशेष अब तक नहीं मिले

यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग की शोधकर्ता एनेमीके मिल्क्स का कहना है,  “इन औजारों को हाथ में लेना अपने आप में बेहद रोमांचक अनुभव है।” हालांकि अब तक इस जगह से मानव अवशेष नहीं मिले हैं, इसलिए यह साफ नहीं हो पाया है कि इन औजारों का इस्तेमाल निएंडरथल, होमो हीडलबर्गेंसिस या किसी अन्य प्राचीन मानव प्रजाति ने किया था।

 

साधारण, लेकिन बेहद अहम

स्मिथसोनियन इंस्टीट्यूशन के आर्कियोलॉजिस्ट जारोड हट्सन (जो इस स्टडी का हिस्सा नहीं थे) का कहना है कि ये औजार देखने में काफी साधारण हैं और तुरंत पहचान में नहीं आते। उनके मुताबिक, इनके सटीक उपयोग को समझने के लिए और शोध की जरूरत है, लेकिन भविष्य में इस साइट से और भी अहम खोजें हो सकती हैं।

 

प्राचीन मानव बुद्धिमत्ता की झलक

यूनिवर्सिटी ऑफ ट्यूबिंगेन की शोधकर्ता कैटेरिना हरवती के अनुसार, यह खोज शुरुआती मानवों की तकनीकी समझ और जीवन कौशल को समझने में मदद करती है। खासतौर पर यह दिखाती है कि प्राचीन मानव सिर्फ पत्थर ही नहीं, बल्कि लकड़ी जैसे प्राकृतिक संसाधनों का भी परिष्कृत तरीके से इस्तेमाल करता था। यह खोज प्राचीन मानव बुद्धिमत्ता की उत्पत्ति को समझने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button